पुलिस की मॉर्निंग पिकेट ड्यूटी का दिखा असर, बस में महिला का मोबाइल चोरी करने वाला जेबकतरे को चंद मिनटों में दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिले में पुलिस की मॉर्निंग पिकेट चेकिंग का एक बार फिर सकारात्मक परिणाम देखने को मिला है। मोहन गार्डन थाना पुलिस ने डीटीसी बस में एक महिला का मोबाइल फोन चुराने वाले जेबकतरे को घटना के चंद मिनटों के भीतर ही दबोच लिया। महिला की तत्परता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि स्ट्रीट क्राइम को रोकने में पिकेट चेकिंग एक प्रभावी हथियार है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान योगेंद्र शर्मा (38) के रूप में हुई है।

द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि 25 अप्रैल को सुबह के समय सेक्टर-10 द्वारका चौकी प्रभारी एसआई रजत मलिक अपनी टीम के साथ नजफगढ़-उत्तम नगर रोड पर स्थित रमा पार्क पिकेट पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान, साक्षी मिश्रा नामक महिला अपनी बेटी के साथ डीटीसी बस में नवादा जा रही थी। बस में ही एक अज्ञात व्यक्ति ने महिला का मोबाइल फोन उड़ा लिया और बस से उतरकर भागने लगा।

साक्षी ने तुरंत इस चोरी को भांप लिया और बेटी को साथ लिए ही बस से उतरकर आरोपी का पीछा करने लगीं और मदद के लिए शोर मचाया। पिकेट पर तैनात एसआई रजत मलिक, एएसआई देव कुमार राणा, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार और कांस्टेबल कृष्णवीर ने शोर सुनकर तुरंत एक्शन लिया और आरोपी का पीछा किया। पुलिस ने 100 मीटर से भी कम दूरी पर दौड़कर जेबकतरे को दबोच लिया। आरोपी के पास से पीड़िता का चोरी हुआ मोबाइल बरामद कर लिया गया।

मामले की सूचना तुरंत मोहन गार्डन थाना एसएचओ को दी गई, जिसके बाद एएसआई मुरली ने मौके पर पहुंचकर आरोपी और बरामद मोबाइल को अपनी कस्टडी में लिया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी योगेंद्र शर्मा मूल रूप से गंगा विहार, मोहन गार्डन का रहने वाला है। उसे अदालत में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए आरोपी की जमानत याचिका खारिज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। स्थानीय लोगों और पीड़िता ने पुलिस टीम की इस बहादुरी और त्वरित कार्रवाई की जमकर प्रशंसा की है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More