द्वारका स्पेशल स्टाफ की मुस्तैदी, 39 पेटी अवैध शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिला पुलिस ने अपने नए अभियान ‘नशे पर लगाम, देश को सलाम’ के तहत अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने अंतर्राज्यीय शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से हरियाणा में बिक्री के लिए लाई गई 39 पेटी अवैध देसी शराब और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कोरोला ऑल्टिस कार बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहन गार्डन निवासी दीपक (32) के रूप में हुई है।

द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर से होने वाली अवैध शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए एक विशेष ड्राइव चलाई जा रही है। स्पेशल स्टाफ के इंस्पेक्टर कमलेश कुमार के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई थी, जिसमें एएसआई राजेंद्र, हेड कांस्टेबल प्रदीप, जगदीश, नरेश, कांस्टेबल मंजीत और जय भगवान शामिल थे। यह पूरी कार्रवाई एसीपी ऑपरेशंस सुभाष मलिक की देखरेख में संपन्न हुई।

टीम को 17 अप्रैल की सुबह गुप्त सूचना मिली थी कि दीपक नाम का एक तस्कर अपनी सिल्वर रंग की कोरोला ऑल्टिस कार में भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर दिल्ली आ रहा है। सूचना मिलते ही उत्तम नगर के गुरुद्वारा रोड इलाके में जाल बिछाया गया। पुलिस ने जब कार को रुकने का इशारा किया, तो चालक ने गाड़ी भगाने की कोशिश की, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे शनि बाजार चौक के पास धर दबोचा।

कार की तलाशी लेने पर उसमें 39 पेटी अवैध शराब (1950 क्वार्टर) बरामद हुई। पुलिस ने आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत उत्तम नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। दीपक ने पूछताछ में बताया कि वह पहले ड्राइवर था, लेकिन बुरी आदतों के चलते नौकरी छूट गई। जल्द पैसा कमाने के लालच में वह शराब माफियाओं के संपर्क में आया और तस्करी करने लगा। आरोपी का पहले से ही जुआ अधिनियम का एक आपराधिक रिकॉर्ड है। पुलिस अब इस धंधे के मुख्य सरगना ‘मोनू’ की तलाश कर रही है, जो फिलहाल फरार है। पुलिस की इस कार्रवाई से द्वारका जिले में अवैध शराब की आपूर्ति चेन को बड़ा झटका लगा है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More