ऑटो ड्राइवर बनकर छिपा था घोषित अपराधी, मादीपुर चौकी पुलिस ने घेराबंदी कर किया काबू

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिमी जिले की मादीपुर पुलिस चौकी ने एक घोषित अपराधी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार अपराधी की पहचान अशोक नगर निवासी अमन खान (24) के रूप में हुई है। अमन खान राजौरी गार्डन थाने में दर्ज आर्म्स एक्ट के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था और कोर्ट ने उसे 1 नवंबर 2025 को ही भगोड़ा घोषित कर दिया था।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने मामले का विवरण देते हुए बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के तहत जिले में वांछित अपराधियों और भगोड़ों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मदीपुर पुलिस चौकी के प्रभारी मुकेश यादव के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था, जिसमें हेड कांस्टेबल आशीष राठी और कांस्टेबल विकास शामिल थे। यह पूरी कार्रवाई एसएचओ संजय दहिया और एसीपी पंजाबी बाग की देखरेख में संपन्न हुई।

पुलिस टीम को अमन खान की गतिविधियों के बारे में गुप्त सूचना मिली थी। इस जानकारी पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने अशोक नगर के शुक्र बाजार रोड के पास जाल बिछाया। पुलिस ने घेराबंदी कर अमन खान को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया। पकड़े जाने के बाद पुलिस ने पंजाबी बाग थाने में जरूरी कानूनी कार्यवाही पूरी की।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अमन खान शादीशुदा है और परिवार के साथ रहता था। गिरफ्तारी से बचने और कोर्ट की कार्यवाही से भागने के लिए वह ऑटो ड्राइवर का काम कर रहा था। आरोपी का एक पुराना आपराधिक इतिहास भी है। फिलहाल, पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है। इस गिरफ्तारी से पुलिस ने कोर्ट से फरार चल रहे एक और अपराधी को कानून के कटघरे में खड़ा कर दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More