मुकुंदपुर फ्लाईओवर पर दर्दनाक सड़क हादसा, दीवार से टकराई बाइक, दो युवकों की मौत

नई दिल्ली: दिल्ली के भलस्वा डेयरी थाना क्षेत्र स्थित मुकुंदपुर फ्लाईओवर पर रविवार रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। मृतकों की पहचान संगम विहार, बुराड़ी निवासी 20 वर्षीय सैफ अली और जेजे कॉलोनी, बवाना निवासी शाहिद के रूप में हुई है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा बाइक से उछलकर पास के नाले में जा गिरा। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर बाबू जगजीवन राम अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना रविवार रात करीब 9:00 बजे रिंग रोड से वजीराबाद जाने वाले लूप रोड पर मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के पास हुई। सफेद रंग की मोटरसाइकिल पर सवार ये दोनों युवक तेज रफ्तार में थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक अचानक अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर की दीवार से जा टकराई। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को बीजेआरएम अस्पताल पहुँचा दिया था, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें ‘ब्रॉट डेड’ घोषित कर दिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल पर कोई चश्मदीद न मिलने के कारण फिलहाल अज्ञात वाहन या लापरवाही के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए विस्तृत और पेशेवर जांच के लिए इसे आउटर नॉर्थ जिले के एमएसीटी सेल को सौंप दिया गया है।

प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन का संतुलन बिगड़ना माना जा रहा है। पुलिस टीम अब मुकुंदपुर फ्लाईओवर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हादसा किसी अन्य वाहन के टकराने से हुआ या बाइक चालक ने नियंत्रण खो दिया था। एक छोटी सी गलती ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और पोस्टमार्टम के बाद शव सौंप दिए जाएंगे।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More