इंदरलोक सुलभ शौचालय में फंदे से लटका मिला कर्मचारी का शव, दो दिन से था लापता

नई दिल्ली: दिल्ली के इंदरलोक मेट्रो स्टेशन के पास स्थित सुलभ शौचालय परिसर में एक 40 वर्षीय व्यक्ति का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान शौचालय परिसर के ही केयरटेकर के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों को जब शौचालय के अंदर से दुर्गंध महसूस हुई, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।

पुलिस के अनुसार, उन्हें शुक्रवार को एक पीसीआर कॉल मिली थी, जिसमें बताया गया था कि सुलभ शौचालय के महिला शौचालय का दरवाजा अंदर से बंद है और भीतर से तेज दुर्गंध आ रही है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच की और शौचालय का दरवाजा तोड़ा। भीतर का दृश्य देखकर सब दंग रह गए, जहां लगभग 40 वर्षीय एक अज्ञात पुरुष का शव फंदे से लटका हुआ था। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ कि मृतक इसी शौचालय परिसर का केयरटेकर था।

मामले के प्रत्यक्षदर्शियों और वहां काम करने वाले अन्य लोगों के अनुसार, मृतक को आखिरी बार दो दिन पहले देखा गया था। पुलिस ने अपराध शाखा को मौके पर बुलाया, जिन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे बीएसए अस्पताल की मोर्चरी में 72 घंटे के लिए सुरक्षित रखवा दिया है, ताकि मृतक की पहचान सुनिश्चित की जा सके। पुलिस इस मामले में मेट्रो अधिकारियों की भी मदद ले रही है ताकि कर्मचारी की सटीक पहचान हो सके।

फिलहाल, पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई और कारण है, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि पिछले 48 घंटों में शौचालय परिसर में कौन-कौन आया था। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर कर्मचारी ने यह कदम क्यों उठाया।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More