ई-रिक्शा चलाने की आड़ में करता था बच्चों का अपहरण, शातिर अपराधी गिरफ्तार और बच्चा सुरक्षित बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर जिले की कोतवाली थाना अंतर्गत बल्लीमारान पुलिस चौकी ने अपहरण की एक सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए डेढ़ साल के मासूम को सुरक्षित बरामद कर लिया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी मोहम्मद फिरोज को गिरफ्तार किया है, जो मासूम को बेचने की फिराक में था। आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और वह चोरी व आर्म्स एक्ट के 9 मामलों में शामिल रहने के साथ-साथ तीन मामलों में घोषित अपराधी भी है।

उत्तर जिले के डीसीपी राजा बंथिया ने मामले का विवरण देते हुए बताया कि 19 अप्रैल को चांदनी चौक की एक महिला ने अपने डेढ़ साल के बेटे के अपहरण की सूचना दी थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएचओ कोतवाली के नेतृत्व में एसआई प्रशांत शर्मा, एसआई दीपक, कांस्टेबल अमित और पूरन की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को दिन-रात खंगाला। फुटेज में एक महिला और एक पुरुष संदिग्ध अवस्था में घूमते हुए दिखाई दिए, जो पहले भी अन्य बच्चों को निशाना बनाने की कोशिश कर रहे थे।

पुलिस ने पांच दिनों तक लगातार कड़ी मशक्कत करते हुए आरोपियों के रूट मैप को ट्रैक किया। अंततः 24 अप्रैल को टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी और उन्होंने खजूरी खास इलाके से 32 वर्षीय मोहम्मद फिरोज को दबोच लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मासूम बच्चे को एक किराए के कमरे से सुरक्षित बरामद कर लिया। पूछताछ में फिरोज ने खुलासा किया कि वह ई-रिक्शा चलाता है और कश्मीरी गेट स्थित हनुमान मंदिर के पास उसे ‘काली’ नाम की एक महिला मिली थी, जिसने उसे आसान पैसे का लालच देकर इस अपराध में शामिल किया।

आरोपी ने बताया कि उसने अपहरण के दिन चांदनी चौक में कई बच्चों को निशाना बनाने की कोशिश की थी, लेकिन अभिभावकों के आ जाने से वह सफल नहीं हो सका। अंत में उसने अकेले घूम रहे इस मासूम को खाने का लालच देकर अगवा कर लिया। महिला ने उसे बच्चा 5-6 दिन अपने पास रखने के लिए 20,000 रुपये देने का वादा किया था और बाद में उसे किसी खरीदार को बेचने की योजना थी।

मोहम्मद फिरोज मूल रूप से सिलीगुड़ी, पश्चिम बंगाल का रहने वाला है और करीब 20 साल से दिल्ली में है। वह शास्त्री पार्क, कमला मार्केट और सीलमपुर थानों में दर्ज मामलों में पीओ है। पुलिस अब उसकी महिला साथी ‘काली’ की तलाश में छापेमारी कर रही है। मासूम की सुरक्षित वापसी से परिवार में खुशी का माहौल है और दिल्ली पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की चहुंओर प्रशंसा हो रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More