दिल्ली पुलिस का नशा तस्करों पर शिकंजा, ख्याला इलाके से स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिमी जिले की ख्याला थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध नशा कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6.54 ग्राम स्मैक बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ख्याला स्थित जेजे कॉलोनी निवासी 41 वर्षीय मोहम्मद तालिब के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पहले से ही जुआ अधिनियम के तहत आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि 24 अप्रैल को पुलिस को केशोपुर सब्जी मंडी के पास स्मैक की डिलीवरी होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही ख्याला थाना एसएचओ विनोद कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में एसआई मुकेश कुमार, एसआई सुमित, हेड कांस्टेबल प्रदीप, कांस्टेबल अशोक, हेड कांस्टेबल हरकेश और कांस्टेबल प्रीतम शामिल थे। यह पूरी कार्रवाई तिलक नगर की एसीपी गरिमा तिवारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।

पुलिस टीम ने तुरंत केशोपुर सब्जी मंडी के पास घेराबंदी की। रात करीब 11 बजे गुप्त मुखबिर के इशारे पर एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 6.54 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को जब्त कर लिया और एनडीपीएस एक्ट के तहत ख्याला थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए पूरी जब्ती की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी की गई।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मोहम्मद तालिब लंबे समय से अपराध में लिप्त रहा है। उस पर तिलक नगर और विकासपुरी थानों में जुआ अधिनियम के तहत पहले से ही छह मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन की रिमांड पर लिया है, ताकि मादक पदार्थों की आपूर्ति करने वाले मुख्य स्रोत और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके। पुलिस फिलहाल पूरे सप्लाई चेन को तोड़ने की दिशा में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More