पंजाबी बाग थाना पुलिस ने सेंधमारी का मामला सुलझाया, भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण बरामद, सेंधमार गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिम जिले की मदीपुर पुलिस चौकी और पंजाबी बाग थाना पुलिस ने चोरी की एक बड़ी वारदात का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर सेंधमार को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 81.520 ग्राम सोने के गहने और 643.25 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस की इस टीम ने मात्र 5 घंटे के भीतर ही इस मामले को सुलझाकर चोरी की सामग्री बरामद कर ली। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आकाश के रूप में हुई है।

पश्चिम जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि 23 अप्रैल को पश्चिम पुरी के एक निवासी ने पंजाबी बाग थाने में सेंधमारी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि सुबह 10 बजे घर पर ताला लगाकर वे पास के पार्क में गए थे। सुबह करीब 11:45 बजे जब वे वापस लौटे तो घर का मुख्य गेट खुला था और अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था। घर से नकदी और गहने गायब थे। पुलिस ने तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ संजय दहिया और एसीपी जय प्रकाश की देखरेख में एसआई मुकेश यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम में हेड कांस्टेबल रोहताश, हेड कांस्टेबल दलवीर और कांस्टेबल विकास शामिल थे। पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से जांच करते हुए घटनास्थल के आसपास लगे करीब 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी निगरानी और प्राप्त खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी आकाश को चिन्हित किया और वारदात के महज 5 घंटे के भीतर उसे दबोच लिया।

पूछताछ में 32 वर्षीय आरोपी आकाश ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए 81.520 ग्राम सोने के आभूषण और 643.25 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए। पूछताछ के दौरान आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि वह क्षेत्र में सक्रिय चोर है और पंजाबी बाग व आसपास के इलाकों में कई अन्य चोरियों में भी शामिल रहा है। हालांकि, यह उसकी पहली गिरफ्तारी है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि अन्य वारदातों का भी खुलासा किया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More