तिलक नगर थाना पुलिस की सतर्कता, 36 आपराधिक मामलों में लिप्त शातिर बदमाश अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिम जिले के तिलक नगर थाना पुलिस ने इलाके में अपराध पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान तिलक नगर निवासी जतिन उर्फ बग्गा (30) के रूप में हुई है, जो तिलक नगर थाने का एक घोषित बदमाश है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक बटनदार चाकू बरामद किया है। जतिन पर दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी, लूट और स्नैचिंग जैसे करीब 36 गंभीर आपराधिक मामले पहले से ही दर्ज हैं।

पश्चिम जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था और स्ट्रीट क्राइम को नियंत्रित करने के लिए पुलिस लगातार पिकेट चेकिंग और गश्त कर रही है। 25 अप्रैल को तिलक नगर थाने की तिलक विहार पुलिस चौकी के हेड कांस्टेबल महेश, हेड कांस्टेबल धर्मवीर और कांस्टेबल महेंद्र केशवपुर मंडी के पास गंदा नाला पिकेट पर तैनात थे। ड्यूटी के दौरान उन्होंने एक संदिग्ध व्यक्ति को इलाके में घूमते हुए देखा। पुलिस टीम को देखकर जब आरोपी ने भागने का प्रयास किया, तो पुलिस को शक हुआ और उन्होंने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे धर दबोचा।

तलाशी लेने पर आरोपी के पास से एक बटनदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी जतिन उर्फ बग्गा का आपराधिक इतिहास बहुत लंबा है और वह पहले भी 36 वारदातों में शामिल रहा है।

यह पूरी कार्रवाई तिलक नगर थाना एसएचओ और एसीपी की देखरेख में संपन्न हुई। पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि उसके द्वारा की जाने वाली किसी बड़ी आपराधिक साजिश का पता लगाया जा सके और इलाके में अन्य वारदातों में उसकी संलिप्तता की जांच की जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More