मेरठ से दिल्ली तक हथियारों की सप्लाई करने वाला नेटवर्क ध्वस्त, तीन आरोपी दबोचे गए, भारी मात्रा में हथियार बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिले की एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड (एएनएस) ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक बड़े अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस संयुक्त अभियान में पुलिस ने मेरठ (उत्तर प्रदेश) के हथियार सप्लायर सहित कुल तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से दो ऑटोमैटिक पिस्टल, तीन देसी कट्टे, 16 जिंदा कारतूस, तीन चाकू और वारदात में इस्तेमाल की जा रही एक मारुति ब्रेजा कार बरामद की है।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि जिले में बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और तकनीकी निगरानी बढ़ा दी थी। एएनएस की टीम को सूचना मिली थी कि गाजीपुर के कुख्यात अपराधी बाबू उर्फ मुरदारी और राज कुमार अपने साथियों के साथ एक काला रंग की कार में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए एसीपी पवन कुमार और इंस्पेक्टर अरुण कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने जाल बिछाया और सीआरपीएफ रेड लाइट के पास आरोपियों को घेर लिया।

तलाशी लेने पर राज कुमार के पास से एक चाकू और बाबू उर्फ मुरदारी के पास से एक अवैध पिस्टल व दो कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे मेरठ के परविंदर नामक सप्लायर से हथियार लाते थे। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दादरी (यूपी) के एक घर से एक ऑटोमैटिक पिस्टल, दो देसी कट्टे और 14 कारतूस बरामद किए। इसके बाद पुलिस टीम ने मेरठ में डेरा डाला और तकनीकी सहायता व गहन छानबीन के बाद मुख्य सप्लायर परविंदर को भी धर दबोचा। परविंदर की निशानदेही पर उसके निर्माणाधीन प्लॉट से दो और देसी कट्टे बरामद किए गए।

आरोपियों का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। बाबू उर्फ मुरदारी पर हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट के गंभीर मामले दर्ज हैं, वहीं राज कुमार भी हत्या के प्रयास और चोरी जैसे संगीन मामलों में शामिल रहा है। पुलिस ने आरोपियों के पास से बरामद वाहन को भी जब्त कर लिया है। इस सफलता से दिल्ली और पश्चिमी यूपी के बीच सक्रिय हथियारों की सप्लाई चेन को बड़ा झटका लगा है। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क को नेस्तनाबूद करने की दिशा में कार्रवाई कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More