दिल्ली में सक्रिय लुटेरे को पुलिस ने दबोचा, अवैध हथियार व चोरी के आभूषण बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिले की एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड और मधु विहार थाना पुलिस ने एक संयुक्त अभियान के तहत लूट और स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर लुटेरे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, लूटे गए सोने के दो झुमके और अपराध में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की है। इस कार्रवाई ने दिल्ली और गाजियाबाद में हुई लूट की घटनाओं का खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पश्चिम विनोद नगर निवासी महेश कुमार (43) के रूप में हुई है।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 23 अप्रैल को मधु विहार थाने में श्री राम चौक, मंडावली के पास लूट और स्नैचिंग की सूचना मिली थी। एक अज्ञात स्कूटी सवार ने महिला से कान का झुमका और एक अन्य व्यक्ति से 14,500 रुपये की नकदी लूटी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की। जांच के लिए एसीपी ऑपरेशंस पवन कुमार और एसीपी मधु विहार तिलक चंद्र बिष्ट की देखरेख में एएनएस और मधु विहार पुलिस की एक संयुक्त टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास के करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। तकनीकी निगरानी और मैनुअल खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने डी-ब्लॉक, पश्चिम विनोद नगर से संदिग्ध महेश कुमार को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस मिले। साथ ही उसके कब्जे से लूटे गए सोने के दो झुमके और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी भी बरामद कर ली गई।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि एक झुमका उसने मंडावली में लूटा था, जबकि दूसरा करीब 20 दिन पहले उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित खोड़ा इलाके से छीना था। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह हथियारों के साथ इलाके में घूम रहा था ताकि और अधिक लूट की वारदातों को अंजाम दे सके। आरोपी के खिलाफ मधु विहार थाने में आर्म्स एक्ट के तहत एक और प्राथमिकी दर्ज की गई है।

मूल रूप से लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश का रहने वाला महेश कुमार पेशे से मजदूर है और नशे का आदी है। पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है और अन्य मामलों में उसकी संलिप्तता की जांच कर रही है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में होने वाली बड़ी आपराधिक घटनाओं को समय रहते रोकने में मदद मिली है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More