कल्याणपुरी थाना पुलिस ने स्नैचर को किया गिरफ्तार, चोरी के सात मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिले के कल्याणपुरी थाना पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग की एक वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी और सात चोरी किए गए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय कैंप, त्रिलोकपुरी निवासी फैजान उर्फ अप्पे के रूप में हुई है। इस कार्रवाई के बाद अब पुलिस उसके फरार साथी की तलाश और बरामद मोबाइलों के अन्य मामलों से संबंध स्थापित करने में जुटी है।

पूर्वी दिल्ली के डीसीपी राजीव कुमार ने मामले का विवरण देते हुए बताया कि 24 अप्रैल को कल्याणपुरी थाने में मोबाइल छीनने की एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी। शिकायतकर्ता गगन चौहान ने बताया कि दो अज्ञात व्यक्तियों ने स्कूटी पर सवार होकर उनका मोटो एज 60 मोबाइल फोन छीन लिया। इस घटना के बाद पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज की और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए कल्याणपुरी थाने की एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें एएसआई नवल, हेड कांस्टेबल पवन, हेड कांस्टेबल चंद्रपाल और कांस्टेबल राजीव शामिल थे। यह पूरी कार्रवाई एसीपी कल्याणपुरी के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई।

जांच टीम ने वैज्ञानिक तरीके से काम करते हुए घटनास्थल के आसपास लगे लगभग 30 से 35 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। फुटेज के सूक्ष्म विश्लेषण से आरोपी फैजान उर्फ अप्पे की पहचान सुनिश्चित हुई। तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने 25 अप्रैल को त्रिलोकपुरी के 27 ब्लॉक में छापेमारी की और आरोपी को धर दबोचा। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त स्कूटी और सात मोबाइल फोन बरामद कर लिए।

डीसीपी ने बताया कि पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आठवी कक्षा तक पढ़ा हुआ फैजान बेरोजगार है और शराब का आदी है। वह पहले भी एक आपराधिक मामले में शामिल रहा है। आरोपी से पूछताछ जारी है ताकि उसके साथी को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके और बरामद मोबाइल फोन के जरिए अन्य आपराधिक वारदातों का पता लगाया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More