मंगोलपुरी थाना पुलिस ने एक शातिर अपराधी को किया गिरफ्तार, चाकू और तीन चोरी के मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के बाहरी जिले के मंगोलपुरी थाना पुलिस ने क्षेत्र में अपराध पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मंगोलपुरी निवासी सद्दाम उर्फ शाहदाब उर्फ सदाब उर्फ रोहित (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक बटनदार चाकू और तीन चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ पहले से ही चोरी और अन्य अपराधों के 20 मामले दर्ज हैं।

डीसीपी विक्रम सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 23 अप्रैल को मंगोलपुरी थाने की एक पैट्रोलिंग टीम, जिसमें हेड कांस्टेबल प्रदीप और कांस्टेबल अनूप शामिल थे, इलाके में गश्त कर रही थी। ए-ब्लॉक स्थित डिस्पेंसरी के पास पुलिस टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा, जो पुलिस को देखकर पेड़ के पीछे छिपने का प्रयास करने लगा। पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक बटनदार चाकू और तीन मोबाइल फोन बरामद हुए।

आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने बरामद मोबाइल फोन के आईएमईआई नंबरों की जांच की, जिसमें पता चला कि ये फोन तीन अलग-अलग चोरी के मामलों से जुड़े हैं, जो पहले ही मंगोलपुरी थाने में दर्ज थे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पूछताछ में सामने आया कि सद्दाम एक आदतन अपराधी है और दिल्ली के विभिन्न थानों में उस पर 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी के पास से बरामद मोबाइल फोन मंगोलपुरी थाने में दर्ज तीन ई-एफआईआर से संबंधित पाए गए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि उसके नेटवर्क और अन्य आपराधिक गतिविधियों के बारे में और जानकारी जुटाई जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More