दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय शातिर स्नैचर्स गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार, 9 मामलों का खुलासा और भारी मात्रा में सामान बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के सेंट्रल जिले के पटेल नगर थाना पुलिस ने दिल्ली और एनसीआर में मोबाइल स्नैचिंग और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक कुख्यात गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन शातिर स्नैचर्स को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से दो देसी पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस, छह चोरी के मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की गई है। इस गिरोह के पकड़े जाने से पुलिस ने स्नैचिंग और चोरी के 9 संगीन मामलों का खुलासा किया है।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 13 अप्रैल को पटेल नगर थाने में मोबाइल स्नैचिंग की शिकायत मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ नवीन कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें एसआई महेश, एसआई शिवम और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। यह पूरी कार्रवाई एसीपी सुनील कुमार की देखरेख में संपन्न हुई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी के जरिए संदिग्धों की पहचान की। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सबसे पहले शादरा फ्लाईओवर के पास से अमित उर्फ नींबू को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आनंद पर्वत इलाके में छापेमारी कर गिरोह के अन्य दो सदस्यों, घनश्याम उर्फ घंशु और दीपक उर्फ काना को भी दबोच लिया। आरोपी दीपक उर्फ काना पहाड़गंज थाने का घोषित बदमाश है और दिल्ली से तड़ीपार किया गया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है और वे पहले भी दर्जनों मामलों में शामिल रह चुके हैं।

आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि वे रात के समय स्कूटी से निकलते थे और पैदल चलने वालों को अपना शिकार बनाते थे। वारदात को अंजाम देने के बाद वे तुरंत फरार हो जाते थे ताकि उनकी पहचान न हो सके। पुलिस के अनुसार, इन आरोपियों के पकड़े जाने से पटेल नगर, लाजपत नगर, आनंद विहार और मुखर्जी नगर समेत दिल्ली के कई इलाकों में दर्ज स्नैचिंग के मामलों का खुलासा हुआ है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि उनसे जुड़े अन्य नेटवर्क और मामलों के बारे में और जानकारी जुटाई जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More