डीबीजी रोड थाना पुलिस ने स्नैचिंग करने वाले दो शातिर दबोचे, वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के सेंट्रल जिले के डीबीजी रोड थाना पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग की एक घटना का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई टीवीएस एनटॉर्क स्कूटी भी बरामद कर ली है। इस मामले को पुलिस टीम ने घटना के महज 5 दिनों के भीतर सुलझा लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अदनान (23) और मुजम्मिल अहमद (18) के रूप में हुई है, जो शकूर की डंडी, दिल्ली के रहने वाले हैं।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 17 अप्रैल को डीबीजी रोड थाने में स्नैचिंग की सूचना मिली थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि जब वे अजमल खान रोड से किशनगंज रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे थे, तभी स्कूटी सवार तीन अज्ञात लड़कों ने उनका मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसआई सुभाष चंद, कांस्टेबल सौरभ और कांस्टेबल शेखर की एक विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास के सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया। फुटेज में तीनों संदिग्ध एक नीले रंग की टीवीएस एनटॉर्क स्कूटी पर डीबीजी रोड से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की तरफ भागते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने तकनीकी निगरानी और मैनुअल इंटेलिजेंस के जरिए आरोपियों के रूट को ट्रैक किया। इस दौरान टीम तुर्कमान गेट इलाके तक पहुंची, जहां मुखबिरों को सक्रिय कर सटीक जानकारी जुटाई गई।

पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर 22 अप्रैल को अजमल खान पार्क इलाके में छापेमारी की गई, जहां से अदनान और मुजम्मिल को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों ने बताया कि वे स्कूल ड्रॉपआउट हैं और मांस की दुकान पर काम करते थे। दिन भर की कड़ी मेहनत के बाद भी उन्हें पर्याप्त पैसे नहीं मिल पाते थे, जिसके चलते उन्होंने आसान कमाई के लिए स्नैचिंग का रास्ता अपनाया।

आरोपियों ने खुलासा किया कि उनके साथ एक तीसरा साथी भी था, जिसके पास छीना गया मोबाइल फोन है। पुलिस ने फिलहाल वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद कर ली है। डीसीपी ने बताया कि तीसरे आरोपी की पहचान कर ली गई है और वह पुलिस की निगरानी में है, उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे अन्य कितनी वारदातों में शामिल रहे हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More