हैदरपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से 15 वर्षीय किशोर की मौत

नई दिल्ली: उत्तर-पश्चिम दिल्ली के हैदरपुर इलाके में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय किशोर की जान चली गई। मैक्स अस्पताल के पास रिंग रोड पर एक टाटा टेम्पो-407 ने किशोर को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही शालीमार बाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने आरोपी वाहन को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान हैदरपुर गांव की गली नंबर 5 निवासी 15 वर्षीय विशाल के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने पर पीसीआर की टीम तुरंत मैक्स अस्पताल रोड के पास पहुंची। विशाल गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क पर पड़ा मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे ‘ब्रॉट डेड’ घोषित कर दिया। अस्पताल से मिली एमएलसी रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

हादसे के बाद टाटा टेम्पो-407 दुर्घटनाग्रस्त हालत में वहीं छोड़ दिया गया था, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। अपराध शाखा ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और दुर्घटना से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने बीएनएस की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दुर्घटना के समय वाहन कौन चला रहा था और हादसे की मुख्य वजह क्या रही। इस हादसे से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More