क्राइम ब्रांच ने दिल्ली-एनसीआर में प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी करने वाले गिरोह का किया भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की वेस्टर्न रेंज टीम ने प्रतिबंधित और नियंत्रित दवाओं की तस्करी करने वाले एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के तौर पर काम करते हुए दवाओं की आड़ में इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में अल्प्राजोलम टैबलेट, ट्रामडोल कैप्सूल और कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किए हैं।

क्राइम ब्रांच के डीसीपी हर्ष इंदोरा ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल उर्फ विशाल नाम का व्यक्ति प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री और आपूर्ति में शामिल है। इस सूचना के बाद इंस्पेक्टर अनिल मलिक के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम में एसआई अमित कुमार, एएसआई सुरेश, विनोद, कृष्ण, हेड कांस्टेबल नवीन, प्रवीण, रवि और कांस्टेबल कृष्ण शामिल थे। यह पूरी कार्रवाई एसीपी राजकुमार की देखरेख में संपन्न हुई।

पुलिस ने तकनीकी निगरानी और सघन जांच के बाद मुख्य आरोपी राहुल उर्फ विशाल को उत्तम नगर इलाके से गिरफ्तार किया। उसकी स्कूटी की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं बरामद हुईं। पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर राहुल के साथियों, मोहम्मद अकरम उर्फ राजेश और सूरज प्रसाद को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी मेडिकल क्षेत्र से जुड़े हैं। राहुल उर्फ विशाल फरीदाबाद की एक फर्म में काम करता है, मोहम्मद अकरम एक मुंबई आधारित कंपनी में एमआर है, और सूरज प्रसाद मायापुरी की एक फार्मा कंपनी में कार्यरत है। पुलिस के अनुसार, आरोपी आर्थिक लाभ के लिए अवैध रूप से प्रतिबंधित दवाएं खरीदकर जरूरतमंदों और अन्य लोगों को सप्लाई करते थे।

पुलिस ने बरामदगी में 1461.6 ग्राम अल्प्राजोलम टैबलेट, 1806 ग्राम ट्रामडोल कैप्सूल और 12000 मिलीलीटर कोडीन युक्त कफ सिरप जब्त किया है। पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच कर रही है और उनके कॉल डिटेल रिकॉर्ड व वित्तीय लेनदेन को खंगाल रही है ताकि इस तस्करी के पीछे के मुख्य आपूर्तिकर्ताओं और अन्य खरीदारों की पहचान की जा सके। संबंधित फार्मा कंपनियों को भी नोटिस जारी किए जा रहे हैं। क्राइम ब्रांच पूरे नेटवर्क को तोड़ने और इस अवैध सप्लाई चेन को पूरी तरह से समाप्त करने के लिए आगे की जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More