बरेली से दिल्ली तक फैला ड्रग्स का नेटवर्क ध्वस्त, क्राइम ब्रांच ने तस्करों को दबोचा, 5 करोड़ की कोकीन बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की इंटर स्टेट सेल ने नशीले पदार्थों के एक बड़े अंतर्राज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए दो ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से करीब आधा किलो (456 ग्राम) हाई-क्वालिटी कोकीन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 5 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह गिरोह बरेली (उत्तर प्रदेश) से संचालित हो रहा था और दिल्ली-एनसीआर में मादक पदार्थों की सप्लाई कर रहा था।

क्राइम ब्रांच के डीसीपी आदित्य गौतम ने बताया कि आईएससी की टीम को ड्रग सिंडिकेट के बारे में खुफिया जानकारी मिली थी। इस जानकारी पर काम करते हुए इंस्पेक्टर सतेंद्र खारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई, जिसमें एसआई संदीप, विनीत प्रताप सिंह, अमित, अर्जुन, एएसआई रणधीर सिंह, हेड कांस्टेबल सानोज और कांस्टेबल विकास शामिल थे। यह पूरी कार्रवाई एसीपी रमेश लांबा की देखरेख में संपन्न हुई।

पुलिस टीम ने 10 अप्रैल को गाजीपुर राउंडअबाउट के पास जाल बिछाकर बरेली निवासी जावेद हुसैन (29) को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से 456 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली कोकीन बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ क्राइम ब्रांच थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। पूछताछ के दौरान जावेद ने खुलासा किया कि उसने यह खेप बरेली के रहने वाले सोएब खान (25) से ली थी।

इसके बाद पुलिस ने जावेद को रिमांड पर लिया और 22 अप्रैल को बरेली की स्थानीय पुलिस की मदद से एक छापेमारी की। इस कार्रवाई में पुलिस ने मुख्य सप्लायर सोएब खान को उसके गांव क्योना शादीपुर, थाना भमोरा, जिला बरेली से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में जावेद हुसैन उत्तर-पूर्वी दिल्ली की एक जींस फैक्ट्री में काम करता है, जबकि सोएब खान मुख्य सप्लायर है। दोनों आरोपियों का अभी तक कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। पुलिस फिलहाल सोएब खान को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है ताकि सिंडिकेट से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान की जा सके और तस्करी के इस नेटवर्क को पूरी तरह से नष्ट किया जा सके। मामले में आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More