खजूरी खास में पति ने पत्नी को चाकू से गोदा, गंभीर हालत में एम्स में भर्ती; आरोपी फरार

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी 38 वर्षीय पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल महिला को तुरंत जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पहले जीटीबी अस्पताल और फिर बाद में बेहतर इलाज के लिए एम्स रेफर कर दिया गया। फिलहाल पीड़िता वहां जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 22 अप्रैल की देर शाम खजूरी खास इलाके के ए-ब्लॉक, सोनिया विहार में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने अपराध स्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया, जिसने घटनाक्रम से जुड़े तमाम सबूत एकत्र किए हैं। पीड़िता के बयान और प्रारंभिक जांच में इस हमले के पीछे महिला के पति का हाथ होने की पुष्टि हुई है।

खजूरी खास थाना पुलिस ने पीड़िता के बयान पर बीएनएस की धारा 109(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। डीसीपी के अनुसार, आरोपी पति की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए दिल्ली-एनसीआर के कई संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस की विशेष टीमें आरोपी को दबोचने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। खजूरी खास पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More