द्वारका में रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात: टेंट मालिक को पैसे मांगना पड़ा भारी, ग्राइंडर से हलवाई का हाथ काटा

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिले के डाबरी थाना क्षेत्र के विजय एन्क्लेव में बकाया भुगतान मांगने पर एक टेंट मालिक के साथ हुई बर्बरता ने सबको स्तब्ध कर दिया है। आरोपी ने न केवल अपने टेंट मालिक के साथ मारपीट की, बल्कि ग्राइंडर (पत्थर काटने वाली मशीन) से उसके हाथ काटने की खौफनाक कोशिश भी की। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी अजय पाल (53) को गिरफ्तार कर लिया है और उसके दो नाबालिग साथियों को हिरासत में लिया है।

डीसीपी (द्वारका) कुशल पाल सिंह ने मामले का विवरण देते हुए बताया कि 24 अप्रैल की रात करीब 8:30 बजे पुलिस को विजय एन्क्लेव में एक व्यक्ति के हाथ काटे जाने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो घायल अवस्था में लोकेश गुप्ता (32) मिले, जो पेशे से हलवाई और टेंट सर्विस प्रोवाइडर हैं। उन्हें तुरंत राशि मेडिकल सेंटर ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते उन्हें एम्स रेफर कर दिया गया।

जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी अजय पाल ने अपनी बेटी की शादी के लिए लोकेश गुप्ता से टेंट सर्विस ली थी। शादी 20 अप्रैल को संपन्न हुई थी। टेंट और हलवाई के काम का कुल खर्च 2.5 लाख रुपये तय हुआ था, जिसमें से करीब 2 लाख रुपये का भुगतान बकाया था। जब लोकेश अपने बकाया रुपये लेने अजय पाल के घर गए, तो वहां मौजूद अजय पाल और उसके 2-3 सहयोगियों ने उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने ग्राइंडर मशीन से लोकेश के दोनों हाथ काटने की कोशिश की, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गए।

पुलिस ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए धारा 118(2), 127(2) और 3(5) बीएनएस के तहत डाबरी थाने में मामला दर्ज किया। साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी अजय पाल को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि घटना में शामिल दो किशोरों को हिरासत में लिया गया है।

डीसीपी ने बताया कि मेडिकल जांच में घायल के शरीर पर धारदार हथियार से गंभीर चोटें पाई गई हैं। इस खौफनाक वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी है। पुलिस अब मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या इस हमले में और भी लोग शामिल थे। आरोपियों को कानून की सख्त धाराओं के तहत कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More