दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे लूट कांड का पर्दाफाश: 12 लाख की डकैती का चौथा आरोपी गिरफ्तार, 11.30 लाख रुपये बरामद

फरीदाबाद: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर 12 अप्रैल को हुई 12 लाख रुपये की बड़ी लूट की गुत्थी को फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-30 ने पूरी तरह सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में चौथे और मुख्य आरोपी रवि कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 11,30,000 रुपये की भारी-भरकम राशि और वारदात में इस्तेमाल एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि शिकायतकर्ता अंकित ने 12 अप्रैल को थाना सेक्टर-8 में लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि प्रहलाद नाम का व्यक्ति एक रैपिडो चालक के साथ 12 लाख रुपये लेकर दिल्ली जा रहा था, तभी सेक्टर-9 के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर तीन अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने चाकू की नोक पर पैसे लूट लिए।

जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही गिरोह के तीन सदस्यों मनोज, गौतम और हरीश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। चौथे आरोपी रवि कुमार की तलाश जारी थी, जिसे अब क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने धर दबोचा है। रवि कुमार मूल रूप से अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है और वर्तमान में फरीदाबाद के समयपुर इलाके में रह रहा था। उसकी फरीदाबाद की पार्वतीय कॉलोनी में मोटरसाइकिल रिपेयरिंग की दुकान है।

पूछताछ में रवि ने खुलासा किया कि इस लूट की साजिश रैपिडो चालक मनोज ने रची थी। मनोज ने ही रवि को बताया था कि प्रहलाद के साथ पैसे का लेन-देन होता है और उसके पास भारी रकम रहती है। रवि ने अपने साथियों हरीश, गौतम और मनोज के साथ मिलकर लूट का जाल बुना। वारदात के दिन जब प्रहलाद एक्सप्रेस-वे पर पहुँचा, तो रवि ने अपने साथियों के साथ मिलकर चाकू के बल पर लूट को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया। लूट के बाद उसने अपने एक अन्य साथी नितेश के साथ अलीगढ़ स्थित अपने गांव बिजेरा में पनाह ली थी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी से 11 लाख 30 हजार रुपये बरामद कर लिए गए हैं। बाकी रकम और अन्य साक्ष्यों के बारे में आरोपी से पूछताछ पूरी कर उसे अदालत में पेश किया जा रहा है, जहां से उसे जेल भेज दिया जाएगा। फरीदाबाद पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक्सप्रेस-वे पर सक्रिय इस शातिर डकैत गिरोह की कमर टूट गई है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More