अमेज़न डिलीवरी फ्रॉड: शातिर सुपरवाइजर को पुलिस ने दबोचा, बरामद हुए 20 महंगे आईफोन

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस ने अमेज़न के डिलीवरी नेटवर्क के साथ की गई लाखों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। थाना भारत नगर पुलिस की पीपी संगम पार्क टीम ने इस घोटाले के एक मुख्य आरोपी और डिलीवरी नेटवर्क में सुपरवाइजर के रूप में कार्यरत मोहित (24) को गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में अब तक बरामद किए गए सीलबंद आईफोन की संख्या 14 से बढ़कर 20 हो गई है। यह गिरोह अब तक करीब 35 लाख रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दे चुका है।

उत्तर-पश्चिम जिला के डीसीपी आकांक्षा यादव ने मामले का विवरण देते हुए बताया कि यह जांच एक दर्ज एफआईआर के तहत चल रही है। आरोपी मोहित, जो आदर्श नगर के लाल बाग का निवासी है, डिलीवरी चेन का सुपरवाइजर था। वह डिलीवरी रिकॉर्ड में हेरफेर कर महंगे आईफोन के कंसाइनमेंट को अवैध रूप से डायवर्ट कर देता था। तकनीकी निगरानी और फील्ड इंटेलिजेंस के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की और उसे धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान मोहित ने अपनी साजिश का खुलासा किया और बताया कि उसने पहले पकड़े गए आरोपियों के साथ मिलकर इस संगठित धोखाधड़ी को अंजाम दिया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 6 और सीलबंद आईफोन 16 बरामद किए हैं। इस तरह अब तक पुलिस कुल 20 आईफोन बरामद कर चुकी है।

यह पूरी कार्रवाई इंस्पेक्टर राम किशोर, एसएचओ भारत नगर और एसीपी अशोक विहार आकाश रावत के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई। टीम का नेतृत्व एसआई राजेश पिलानिया ने किया, जिसमें एसआई नवीन और हेड कांस्टेबल राकेश मुख्य रूप से शामिल रहे। डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि आरोपी का पहले का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है, लेकिन इस संगठित अपराध में उसकी भूमिका बेहद सक्रिय थी।

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं और क्या उन्होंने इसी तरह की धोखाधड़ी किसी अन्य ई-कॉमर्स कंपनी के साथ भी की है। बरामद किए गए 20 आईफोन की कीमत लाखों में है और पुलिस की इस कार्रवाई से ई-कॉमर्स नेटवर्क में सेंध लगाने वाले गिरोहों को बड़ा झटका लगा है। आगे की छानबीन जारी है और शेष केस प्रॉपर्टी की बरामदगी के लिए टीमें छापेमारी कर रही हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More