दिल्ली में हरियाणा मार्का शराब की बड़ी खेप बरामद, चकमा देकर भागने वाला तस्कर गिरफ्तार, 66 पेटी अवैध शराब के साथ एसयूवी जब्त

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की वेस्ट डिस्ट्रिक्ट स्पेशल स्टाफ टीम ने अवैध शराब की आपूर्ति करने वाले एक बड़े नेटवर्क पर करारी चोट की है। पुलिस ने एक महिंद्रा एसयूवी गाड़ी से 66 कार्टन (लगभग 3300 क्वार्टर) अवैध शराब बरामद की है। आरोपी घटना के समय पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था, लेकिन स्पेशल स्टाफ ने मात्र 6 घंटे के भीतर वैज्ञानिक साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से उसे ट्रैक कर गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए तस्कर की पहचान इंद्रपुरी निवासी अमित (45) के रूप में हुई है।

पश्चिम जिला के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने मामले का विवरण देते हुए बताया कि पुलिस को 21-22 अप्रैल की दरमियानी रात इंद्रपुरी इलाके में एक एसयूवी के जरिए अवैध शराब की भारी खेप आने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए इंस्पेक्टर राजेश मौर्य के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें एसआई संजीत राणा, एएसआई कप्तान, एएसआई ओम प्रकाश और हेड कांस्टेबल विजय, देवेंद्र व शमशेर शामिल थे।

टीम ने बुद्ध नगर, इंद्रपुरी के पास जाल बिछाया और संदिग्ध महिंद्रा XUV 500 को रुकने का इशारा किया। पुलिस की मौजूदगी भांपकर चालक गाड़ी छोड़कर अंधेरे और तंग गलियों का फायदा उठाकर फरार हो गया। गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें 66 पेटी अवैध शराब मिली, जिस पर ‘फॉर सेल इन हरियाणा ओनली’ अंकित था। पुलिस ने तुरंत गाड़ी और शराब को जब्त कर लिया।

इसके बाद स्पेशल स्टाफ ने आरोपी की पहचान सुनिश्चित करने के लिए ‘ऑपरेशन ट्रैकडाउन’ शुरू किया। सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच, तकनीकी निगरानी और मानव खुफिया तंत्र की मदद से आरोपी अमित की पहचान की गई और उसे 6 घंटे के भीतर इंद्रपुरी इलाके से ही गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में पता चला कि अमित पड़ोसी राज्य हरियाणा से शराब लाकर दिल्ली के स्थानीय शराब तस्करों को सप्लाई करता था। पुलिस से बचने के लिए वह देर रात का समय चुनता था और गाड़ी व डिलीवरी पॉइंट पहले से ही तय कर लेता था। आरोपी ने बताया कि आर्थिक तंगी और नशे की लत के कारण वह इस अवैध काम में लिप्त हुआ। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह शराब असल में कहां से आ रही थी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं। आरोपी के खिलाफ कानून के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More