तिलक नगर पुलिस की दबिश में पकड़ा गया आदतन वाहन चोर, चोरी की एक स्कूटी और दो मोटरसाइकिलों बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिमी जिला पुलिस की तिलक नगर थाना टीम ने वाहन चोरी के मामलों में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई एक स्कूटी और दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पकड़े गए आरोपी की पहचान तिलक नगर निवासी अनिल उर्फ बाला (35) के रूप में हुई है। इस गिरफ्तारी से पुलिस ने तिलक नगर, प्रेम नगर और जनकपुरी थाने में दर्ज वाहन चोरी के तीन मामलों को सुलझा लिया है।

पश्चिम जिला के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने मामले का विवरण देते हुए बताया कि जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और प्रभावी निगरानी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों ने विशेष निर्देश दिए थे। इसी क्रम में 21 अप्रैल को तिलक नगर थाने की पुलिस टीम इलाके में सघन चेकिंग कर रही थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने इंदिरा कॉलोनी स्थित गंदा नाला के पास घेराबंदी की, जहां आरोपी अनिल को एक स्कूटी के साथ पकड़ा गया।

पूछताछ में पता चला कि स्कूटी चोरी की है, जिसे उसने हाल ही में चुराया था। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो आरोपी टूट गया और उसने वाहन चोरी की अन्य वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। अनिल की निशानदेही पर पुलिस ने तिलक नगर इलाके में ही तलाशी अभियान चलाया, जहां से चोरी की गई दो और मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। पुलिस ने पूरी बरामदगी की वीडियोग्राफी करवाई और वाहनों को कानूनन जब्त कर लिया।

यह पूरी कार्रवाई तिलक नगर के एसीपी और एसएचओ के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई। टीम में शामिल हेड कांस्टेबल मनीष कुमार मीणा और कांस्टेबल महेंद्र ने आरोपी को पकड़ने में अहम भूमिका निभाई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी अनिल पहले भी चोरी के 2 मामलों में संलिप्त पाया गया है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर दिया है। बरामद वाहनों के जरिए पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह इन गाड़ियों को कहाँ बेचने की फिराक में था और क्या वह किसी बड़े अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का हिस्सा है। पुलिस की इस कार्रवाई से तिलक नगर और आसपास के इलाकों में वाहन चोरों में हड़कंप मच गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More