राहगीरों को निशाना बनाने वाले दो झपटमार को ख्याला पुलिस ने किया गिरफ्तार, लूटा गया मोबाइल और बाइक बरामद

नई दिल्ली : दिल्ली के पश्चिमी जिला पुलिस की ख्याला थाना टीम ने स्ट्रीट क्राइम और झपटमारी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो शातिर झपटमारों, बलदेव (35) और गुरदित्ता सिंह (29) को गिरफ्तार किया है, जो निहाल विहार के निवासी हैं। पुलिस ने इनके पास से लूटा गया ओप्पो मोबाइल फोन और अपराध में इस्तेमाल की गई चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने झपटमारी और वाहन चोरी के कई लंबित मामलों का खुलासा किया है।

पश्चिम जिला के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने मामले का विवरण देते हुए बताया कि 20 अप्रैल को ख्याला थाने में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दो मोटरसाइकिल सवार युवकों ने उसका मोबाइल छीन लिया है। शिकायत मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत जांच शुरू की और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। स्थानीय मुखबिरों से मिली जानकारी और तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की।

जांच टीम में शामिल एसआई सुमित कुमार, कांस्टेबल लक्ष्मण और कांस्टेबल शंकर लाल ने जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को धर दबोचा। पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म कबूल लिया है। उनके पास से लूटा गया मोबाइल फोन और वह मोटरसाइकिल बरामद हुई, जिसका उपयोग वे वारदातों को अंजाम देने के लिए करते थे। यह मोटरसाइकिल भी पहले से चोरी की गई थी।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पकड़े गए दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और उन पर चोरी, झपटमारी और अन्य अपराधों के कई मामले पहले से दर्ज हैं। डीसीपी ने बताया कि ख्याला थाने के एसीपी और एसएचओ के पर्यवेक्षण में यह ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा किया गया। इस कार्रवाई से न केवल ख्याला थाने में दर्ज झपटमारी का मामला सुलझा है, बल्कि निहाल विहार में वाहन चोरी के एक केस का भी खुलासा हुआ है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर दिया है। पुलिस अब उनसे यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उन्होंने हाल के दिनों में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और वे किन-किन इलाकों में सक्रिय थे। इस गिरफ्तारी से स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More