मादीपुर में पुलिस पेट्रोलिंग का असर, चोरी की स्कूटी पर घूम रहे आदतन अपराधी को चाकू के साथ दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिमी जिला पुलिस की पंजाबी बाग थाना टीम ने एक और सक्रिय अपराधी को गिरफ्तार कर इलाके में अपराध पर लगाम लगाने की अपनी मुहिम को मजबूती दी है। मदीपुर पुलिस पोस्ट की टीम ने रात के समय गश्त के दौरान एक शातिर बदमाश को चोरी की स्कूटी और बटनदार चाकू के साथ धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मदीपुर निवासी अमन कुमार उर्फ उमा (28) के रूप में हुई है, जो पहले भी चोरी और सेंधमारी के 8 आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है।

पश्चिम जिला के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने मामले का विवरण देते हुए बताया कि जिले में स्ट्रीट क्राइम को रोकने के लिए पुलिस की गश्त और निगरानी तेज कर दी गई है। 20 अप्रैल की देर रात मादीपुर पुलिस पोस्ट की टीम, जिसमें एसआई मुकेश यादव, हेड कांस्टेबल आशीष राठी और कांस्टेबल संजय शामिल थे, पश्चिमपुरी स्थित कूड़ा खत्ता के पास पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने देखा कि एक व्यक्ति स्कूटी पर संदिग्ध हालत में घूम रहा है।

पुलिस को देखकर आरोपी अचानक यू-टर्न लेकर भागने की कोशिश करने लगा। हेड कांस्टेबल आशीष और कांस्टेबल संजय ने अपनी सतर्कता दिखाते हुए उसका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उसे पकड़ लिया। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम अमन कुमार बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक बटनदार चाकू बरामद हुआ, जबकि स्कूटी की जांच करने पर पता चला कि वह उत्तर-पश्चिम जिले से चोरी की गई है।

पुलिस के अनुसार, अमन कुमार इलाके का एक कुख्यात अपराधी है और उसके खिलाफ सेंधमारी व चोरी के 8 मामले पहले से दर्ज हैं। आरोपी के पास से बरामद चाकू और चोरी की स्कूटी को पुलिस ने जब्त कर लिया है। इस गिरफ्तारी से पुलिस ने उत्तर-पश्चिम जिले में दर्ज वाहन चोरी के एक मामले का खुलासा किया है और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

यह पूरी कार्रवाई पंजाबी बाग के एसीपी जय प्रकाश और एसएचओ संजय दहिया के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी उस रात किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था या नहीं। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। पुलिस की इस मुस्तैदी से मदीपुर और पंजाबी बाग इलाके में अपराधियों में खौफ का माहौल है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More