शाहदरा एएटीएस ने पकड़े दो सक्रिय दो वाहन चोर, 7 चोरी की मोटरसाइकिलें की बरामद व 9 मामलों का पर्दाफाश

नई दिल्ली: दिल्ली के शाहदरा जिला पुलिस की एएटीएस टीम ने वाहन चोरी और झपटमारी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की 7 मोटरसाइकिलें और स्कूटी बरामद की हैं। इन गिरफ्तारियों के साथ ही दिल्ली और एनसीआर के विभिन्न जिलों में दर्ज 9 आपराधिक मामलों का खुलासा हुआ है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अभिषेक उर्फ रवि उर्फ ओपी (25) और निखिल सागर उर्फ निशु (23) के रूप में हुई है।

शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीना ने मामले का विवरण देते हुए बताया कि जिले में दोपहिया वाहनों की चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए एएटीएस की एक विशेष टीम गठित की गई थी। इंस्पेक्टर प्रतीक सक्सेना के नेतृत्व में यह टीम लगातार सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर रही थी और स्थानीय स्तर पर मुखबिरों को सक्रिय रखा था। 22 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध युवक चोरी की गाड़ी के साथ शाहदरा स्थित सीएनजी पंप के पास आने वाले हैं। पुलिस ने तत्काल जाल बिछाया और दोनों को चोरी की मोटरसाइकिल पर सवार होकर आते हुए धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे रिहायशी इलाकों और बाजारों में खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाते थे। इसके अलावा, वे राहगीरों से मोबाइल झपटमारी की घटनाओं को भी अंजाम देते थे। आरोपी अभिषेक उर्फ रवि का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह पहले भी चोरी व झपटमारी के 22 मामलों में शामिल रहा है, जबकि निखिल सागर पर 3 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि वे चोरी के वाहनों और मोबाइल को स्थानीय रिसीवरों को बेचकर अपनी नशे की लत को पूरा करते थे।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से 1 हीरो स्प्लेंडर, 1 रॉयल एनफील्ड बुलेट, 1 केटीएम ड्यूक और 4 होंडा एक्टिवा स्कूटी बरामद की हैं। इन आरोपियों की गिरफ्तारी से शाहदरा, पूर्वी, मध्य और दक्षिण-पूर्व दिल्ली में वाहन चोरी के 7 मामलों के साथ-साथ इंदिरापुरम और मानसरोवर पार्क में झपटमारी के 2 मामलों का खुलासा हुआ है।

डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीना ने बताया कि इस गिरोह के तीसरे साथी अजय और चोरी का माल खरीदने वाले रिसीवर जुगनू व आकाश उर्फ मोटा की तलाश की जा रही है। पुलिस की टीम अभी उनसे और अधिक चोरी का माल व मोबाइल फोन बरामद करने के प्रयास में जुटी है। इस बड़ी कामयाबी से शाहदरा पुलिस ने संगठित अपराध करने वाले गिरोहों को कड़ा संदेश दिया है। पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि आदतन अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More