ड्रग्स की तस्करी कर रहा था तस्कर, एएनटीएफ की टीम ने कृष्णा नगर में रंगे हाथों दबोचा, भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले पदार्थ बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के शाहदरा जिला पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक बड़े नेटवर्क पर करारी चोट की है। पुलिस ने एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है और उसके पास से भारी मात्रा में कोकीन और हेरोइन (स्मैक) बरामद की है। पकड़े गए तस्कर की पहचान अभिषेक चौहान उर्फ धीरेंद्र सिंह (40) के रूप में हुई है, जो हरियाणा के ओल्ड फरीदाबाद का रहने वाला है। इस गिरफ्तारी से पुलिस को ड्रग्स सप्लाई करने वाले एक बड़े नेटवर्क का पता चला है, जिसके मुख्य सप्लायर की तलाश की जा रही है।

शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीना ने मामले का विवरण देते हुए बताया कि एएनटीएफ टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि अभिषेक चौहान नाम का एक व्यक्ति दिल्ली-एनसीआर में प्रतिबंधित नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहा है। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर विनोद कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी निगरानी और मुखबिरों की जानकारी के आधार पर कृष्णा नगर इलाके में एक जाल बिछाया। 22 अप्रैल को जैसे ही आरोपी वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे दबोच लिया।

तलाशी लेने पर उसके पास से 7.63 ग्राम कोकीन और 31.08 ग्राम हेरोइन (स्मैक) बरामद हुई। एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना कृष्णा नगर में एफआईआर दर्ज की गई है। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह ओखला के रहने वाले उपेंद्र नामक एक बड़े सप्लायर से ड्रग्स खरीदता था और उसे दिल्ली-एनसीआर के स्थानीय ग्राहकों तक पहुँचाता था। पुलिस से बचने के लिए वह अक्सर सार्वजनिक परिवहन या दुपहिया वाहन का इस्तेमाल करता था ताकि किसी को शक न हो।

यह पूरी कार्रवाई एसीपी विवेक विहार मोहिंदर सिंह के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई। टीम में एसआई धीर सिंह, एएसआई शोकिंदर, हेड कांस्टेबल राजेश, वेदपाल, पंकज, विकास मलिक और कांस्टेबल अर्जुन व दीपक शामिल थे। पुलिस अब इस नेटवर्क की जड़ों तक पहुँचने की कोशिश कर रही है। डीसीपी ने बताया कि आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर ओखला के मुख्य सप्लायर उपेंद्र और उसके अन्य साथियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि इस गिरोह के पकड़े जाने से ड्रग्स की सप्लाई चेन पर बड़ा असर पड़ेगा और नशा मुक्त समाज बनाने की दिशा में यह एक अहम कदम है। आगे की जांच अभी प्रगति पर है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More