आदर्श नगर हत्याकांड का खुलासा, हथियार के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस ने आदर्श नगर इलाके में हुई हत्या की एक गंभीर वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पीपी डब्ल्यूपीआईए, थाना अशोक विहार की टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए ऋतिक कुमार (18) और कुणाल (25) को पकड़ा है। मुख्य आरोपी ऋतिक के कब्जे से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से हत्या के एक बड़े मामले का सफल अनावरण हुआ है।

उत्तर-पश्चिम जिले के डीसीपी आकांक्षा यादव ने मामले का विवरण देते हुए बताया कि 20 अप्रैल को पीपी डब्ल्यूपीआईए के प्रभारी एसआई रोहित चाहर को सूचना मिली थी कि एक युवक राजा पार्क के बी-ब्लॉक में अवैध हथियार के साथ मौजूद है। इस जानकारी पर एसएचओ अशोक विहार इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार और एसीपी अशोक विहार आकाश रावत के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम में एसआई अजय, हेड कांस्टेबल पवन, अश्वनी और बिजेंद्र शामिल थे।

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध ऋतिक कुमार को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध देसी कट्टा और उसमें लोड एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जब उससे गहन पूछताछ की गई, तो उसने आदर्श नगर हत्याकांड में अपनी संलिप्तता कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसके सह-आरोपी कुणाल को भी गिरफ्तार कर लिया।

जांच में सामने आया कि पकड़े गए दोनों आरोपी पहले किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल नहीं थे और यह उनकी पहली बड़ी वारदात थी। हालांकि, हत्या जैसी जघन्य घटना में उनकी संलिप्तता ने पुलिस को भी चौंका दिया है। पुलिस ने बरामद हथियार को साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया है।

डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि इस गिरफ्तारी से आदर्श नगर थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या के मामले में बड़ी सफलता मिली है। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है ताकि इस हत्या के पीछे की असल वजह और अन्य पहलुओं का पता लगाया जा सके। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है ताकि आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके। आगे की जांच अभी प्रगति पर है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More