शालीमार बाग में नशा तस्करी कर रहे शातिर अपराधी को पुलिस ने दबोचा, 1.234 किलोग्राम गांजा बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। शालीमार बाग थाना पुलिस ने क्षेत्र के एक सक्रिय बैड कैरेक्टर अंकित (35) को 1.234 किलोग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अंकित शालीमार बाग इलाके का रहने वाला है और वह पहले भी 5 गंभीर आपराधिक मामलों में संलिप्त पाया गया है।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने मामले का विवरण देते हुए बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। इसी कड़ी में 21 अप्रैल को शालीमार बाग थाने के हेड कांस्टेबल विपिन और हेड कांस्टेबल अनिल क्षेत्र में केला गोदाम के पीछे स्थित रिजर्वेशन सेंटर के पास गश्त पर थे। वहां उन्होंने देखा कि एक संदिग्ध व्यक्ति कुछ नशेड़ियों जैसे प्रतीत हो रहे लोगों के साथ बातचीत कर रहा था।

पुलिस टीम को देखते ही उक्त व्यक्ति घबरा गया और हाथ में पकड़ी नारंगी रंग की पॉलिथीन फेंककर भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस कर्मियों ने अपनी तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और उसे दबोच लिया। आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम अंकित बताया। पुलिस ने जब फेंकी गई पॉलिथीन की जांच की, तो उसमें गांजा पाया गया, जिसका कुल वजन 1.234 किलोग्राम निकला।

पूछताछ में यह बात सामने आई कि आरोपी अंकित आदतन अपराधी है और लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त है। उसने स्वीकार किया कि वह आसान तरीके से अधिक धन कमाने के उद्देश्य से नशा तस्करी का काम कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना शालीमार बाग में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(B) के तहत एफआईआर दर्ज की है।

आरोपी की आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच करने पर पता चला कि वह पहले भी 5 मुकदमों का सामना कर चुका है और थाना शालीमार बाग का घोषित बैड कैरेक्टर है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि वह यह नशा कहाँ से खरीदता था और किन-किन लोगों को इसकी आपूर्ति करता था। पुलिस का मानना है कि इस तस्कर की गिरफ्तारी से इलाके में नशा तस्करी के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार हुआ है। आगे की छानबीन जारी है और पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More