दिल्ली में सुबह की सैर पर निकले भाइयों के साथ लूटपाट, सुभाष प्लेस पुलिस ने दो लुटेरों को दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस की सुभाष प्लेस थाना टीम ने एक संगठित लुटेरे गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सुबह के समय मेट्रो स्टेशन जाने के लिए निकले दो भाइयों को बंधक बनाकर उनसे मोबाइल, नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज लूट लिए थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटा हुआ मोबाइल फोन, 1700 रुपये नकद और पीड़ित का आधार कार्ड बरामद किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान आर्यन उर्फ लकी (18) और दिनेश (21) के रूप में हुई है, जो शकूरपुर के जेजे कॉलोनी के निवासी हैं।

उत्तर-पश्चिम जिले के डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि 20 अप्रैल को सुबह करीब 5:40 बजे आदेश कुमार अपने भाई नीरज शर्मा के साथ आनंद विहार रेलवे स्टेशन जाने के लिए निकले थे। जब वे शकूरपुर मेट्रो स्टेशन के पास पहुंचे, तो तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें घेर लिया। एक आरोपी ने बातचीत में उलझाया, जबकि अन्य दो ने दोनों भाइयों को गर्दन से पकड़कर काबू कर लिया। बदमाशों ने पीड़ित की जेब से मोबाइल फोन और छह हजार रुपये नकद निकाल लिए, तथा उनके भाई के बैग से पंखा व आधार कार्ड ले लिया। डराने-धमकाने के बाद सभी आरोपी एफ-ब्लॉक स्थित पार्क के जरिए फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ सुभाष प्लेस इंस्पेक्टर तेजपाल सिंह और एसीपी सृष्टि भट्ट के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम में एसआई परवीन, हेड कांस्टेबल प्रवेश लोहिया, कांस्टेबल श्यामवीर, मोहित और सोनू भोगले शामिल थे। पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचनाओं को सक्रिय किया। सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण और मुखबिरों की जानकारी के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आर्यन और दिनेश को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने तीसरे साथी वैभव के साथ मिलकर इस अपराध को अंजाम दिया था। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा हुआ सामान बरामद कर लिया है। आरोपी दिनेश के बारे में पता चला कि वह पहले भी लूट के 2 मामलों में शामिल रहा है। आरोपियों ने बताया कि वे आसान तरीके से पैसा कमाने के लिए आपराधिक गतिविधियों में उतरे थे।

पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी से थाना सुभाष प्लेस में दर्ज दो अन्य पुराने मामलों का भी खुलासा किया है। फिलहाल पुलिस की टीम तीसरे आरोपी वैभव की तलाश में जुटी है और उनसे लूटी गई बाकी नकदी व सामान बरामद करने के प्रयास कर रही है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस आगे की जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More