दिल्ली नगर निगम चुनाव: महापौर और उप महापौर पद के लिए भाजपा व कांग्रेस ने भरे नामांकन, 29 अप्रैल को होगा मतदान

नई दिल्ली: दिल्ली नगर निगम के महापौर (मेयर) और उप महापौर (डिप्टी मेयर) पद के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया बुधवार को संपन्न हो गई। नामांकन के अंतिम दिन भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के पार्षदों ने अपने-अपने दावेदारी के पर्चे दाखिल किए। दिलचस्प बात यह रही कि आम आदमी पार्टी (आप) ने महापौर और उप महापौर पद के लिए कोई नामांकन दाखिल नहीं किया। अब 29 अप्रैल को निगम की साधारण सभा की बैठक में इन पदों के लिए मतदान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

भारतीय जनता पार्टी की ओर से महापौर पद के लिए रोहिणी-ई (वार्ड-53) से पार्षद और पूर्व नेता सदन प्रवेश वाही ने अपना नामांकन दाखिल किया, जबकि उप महापौर के लिए आनंद विहार (वार्ड-206) से पार्षद मोनिका पंत ने पर्चा भरा। इस अवसर पर निवर्तमान महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह और स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा भी मौजूद रहीं। वहीं, कांग्रेस पार्टी ने भी अपनी दावेदारी पेश करते हुए महापौर पद के लिए वार्ड-234 से पार्षद जरीफ और उप महापौर पद के लिए वार्ड-39 से पार्षद राजेश कुमार गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है।

महापौर और उप महापौर के साथ-साथ दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति के रिक्त पदों के लिए भी नामांकन दाखिल किए गए। भाजपा की ओर से उप महापौर जय भगवान यादव (वार्ड-27, बेगमपुर) और जनस्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष मनीष चढ्ढा (वार्ड-82) ने स्थायी समिति के सदस्य के रूप में पर्चा भरा। इसके विपरीत, आम आदमी पार्टी ने स्थायी समिति के रिक्त पद के लिए जलज कुमार (वार्ड-55) को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।

नामांकन दाखिल करने के बाद भाजपा के महापौर प्रत्याशी प्रवेश वाही ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि दिल्ली को कूड़े के पहाड़ों से मुक्ति दिलाना उनका मुख्य लक्ष्य होगा। उन्होंने कहा कि वे शहर की सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने और पार्कों को हरा-भरा व सुंदर बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। वहीं, उप महापौर प्रत्याशी मोनिका पंत ने कहा कि उन्हें इस पद के लिए मौका देना भाजपा के ‘नारी शक्ति वंदन’ के संकल्प को दर्शाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि दिल्ली सरकार के साथ मिलकर वे राजधानी को साफ, स्वच्छ और आधुनिक बनाने की दिशा में काम करेंगे। अब सबकी निगाहें 29 अप्रैल को होने वाली साधारण सभा की बैठक पर टिकी हैं, जहां पार्षदों के मतों से दिल्ली को उसका नया महापौर मिलेगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More