बेगमपुर पुलिस ने कैब बुकिंग के नाम पर लूट और उगाही करने वाले गिरोह का किया भंडाफोड़, 3 आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के रोहिणी जिले की बेगमपुर थाना पुलिस ने ऑनलाइन कैब बुक कर ड्राइवरों को अपना शिकार बनाने वाले एक खतरनाक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने लूटपाट और फिरौती मांगने के आरोप में तीन आरोपियों—रवि कुमार (20), पुष्पेंद्र उर्फ काले (21) और हरगोविंद उर्फ तोची (21) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई दो कारें, एक चोरी का मोबाइल, फिरौती के लिए इस्तेमाल किए गए फोन और वारदात में प्रयुक्त बटनदार चाकू बरामद किया गया है।

रोहिणी जिले के डीसीपी शशांक जायसवाल ने मामले का विवरण देते हुए बताया कि 20 अप्रैल को बेगमपुर थाने में एक पीसीआर कॉल मिली थी, जिसमें एक कैब ड्राइवर को घायल कर उसकी कार लूटने की सूचना दी गई थी। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल ड्राइवर को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित ड्राइवर ने बताया कि उसने 20 अप्रैल की रात करीब एक बजे न्यू कराल रोड से चांदनी चौक के लिए एक राइड ली थी। पिकअप पॉइंट पर तीन युवक मिले, जिन्होंने ओटीपी साझा कर कैब में प्रवेश किया। कुछ दूर जाने के बाद एक आरोपी ने फोन भूलने का बहाना बनाया और जैसे ही गाड़ी रुकी, तीनों ने ड्राइवर को खींचकर बाहर निकाला और बियर की बोतल से उसके सिर पर हमला कर दिया।

आरोपियों ने चाकू की नोक पर उसकी कार लूट ली और वहां से फरार हो गए। बाद में, उन्होंने पीड़ित को फोन और मैसेज कर गाड़ी वापस करने के एवज में 20,000 रुपये की फिरौती मांगी।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बेगमपुर के एसीपी सार्थक त्यागी के पर्यवेक्षण में एसएचओ इंस्पेक्टर राजीव रंजन के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम में एसआई जगदीप संधू, एएसआई विनोद, हेड कांस्टेबल प्रदीप गोयत, सत्यवीर, जितेंद्र और कांस्टेबल अरुण व सतीश शामिल थे। पुलिस ने तकनीकी निगरानी और लगातार छापे मारकर विकासपुरी के पास से लूटी गई कैब बरामद की और तीनों आरोपियों को दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे ऑनलाइन पोर्टल से कैब बुक करके गाड़ी लूटते थे। लूटने के बाद वे या तो ड्राइवर से पैसे वसूलते थे या गाड़ी को कबाड़ में बेच देते थे। आरोपियों ने 16 अप्रैल को भी जैन नगर, रोहिणी इलाके में इसी तरह की एक वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने उस मामले की भी कार और ड्राइवर का मोबाइल बरामद कर लिया है।

पकड़े गए तीनों आरोपी जैन नगर के रहने वाले हैं और डिलीवरी बॉय व पेंटर का काम करते हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना बेगमपुर में मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या वे पहले भी किसी अन्य वारदात में शामिल रहे हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More