जमीन विवाद में युवक के रॉड से पैर तोड़े, फरीदाबाद क्राइम ब्रांच ने 3 आरोपियों को दबोचा

फरीदाबाद: फरीदाबाद के भीकम कॉलोनी इलाके में पुरानी रंजिश और जमीन विवाद के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में क्राइम ब्रांच उंचा गांव की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले में तीन मुख्य आरोपियों आर्यन (20), दलविंदर उर्फ हर्ष ठाकुर (24) और सेविन उर्फ देवराज (20) को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने घटना का विवरण देते हुए बताया कि पीड़ित अच्चनत निवासी भीकम कॉलोनी ने थाना शहर बल्लभगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी कॉलोनी के रहने वाले बलराज उर्फ भालू से पुरानी रंजिश चल रही है। 17 अप्रैल को बलराज ने साजिश के तहत पीड़ित के साले प्रवीण को जमीन के मामले पर बात करने के बहाने बुलाया। जैसे ही प्रवीण वहां पहुंचा, बलराज ने अपने साथियों के साथ मिलकर उस पर लाठी, हथौड़े और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में प्रवीण के दोनों पैर टूट गए।

क्राइम ब्रांच उंचा गांव की टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारी के आधार पर छापेमारी की और तीनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि हमले के दौरान सेविन ने प्रवीण को पीछे से पकड़ लिया था, जबकि दलविंदर और आर्यन ने उस पर रॉड से ताबड़तोड़ वार किए।

जांच में सामने आया कि ये आरोपी शातिर अपराधी हैं और उनका पूर्व का भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। दलविंदर उर्फ हर्ष ठाकुर पर सेक्टर-8 में हत्या का एक मामला दर्ज है और वह करीब एक साल पहले ही जेल से बाहर आया है। इसके अलावा, साल 2025 में थाना शहर बल्लभगढ़ में मारपीट और कब्जे के एक मामले में वह और आर्यन सह-आरोपी हैं।

पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि वारदात में इस्तेमाल रॉड और हथौड़ा बरामद किया जा सके। साथ ही, मामले के मुख्य साजिशकर्ता बलराज उर्फ भालू की धरपकड़ के लिए भी टीमें दबिश दे रही हैं। इस बर्बर हमले के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही सभी दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More