ब्लैकमेल से परेशान प्रेमी ने महिला की गर्दन पर पैर रखकर की हत्या, सबूत मिटाने के लिए उतारे कपड़े, पिता ने छिपाया आरोपी बेटा

फरीदाबाद: फरीदाबाद के सेक्टर-58 इलाके में एक महिला की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। बिजली का बिल भरने गई एक महिला की लाश गंदे नाले में मिलने के बाद से इलाके में हड़कंप मचा था। जांच में सामने आया कि महिला की हत्या उसके ही प्रेमी ने शादी के बाद ब्लैकमेलिंग से बचने के लिए की थी। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी ब्रह्मजीत (22) और उसके पिता जगविंदर (49) को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि शिकायतकर्ता विवेक कुमार ने 17 अप्रैल को थाना सेक्टर-58 में अपनी माता अनीता की गुमशुदगी और बाद में हत्या की शिकायत दर्ज कराई थी। विवेक ने बताया कि उनकी माता 15 अप्रैल को बिजली बोर्ड दफ्तर बिल भरने गई थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। 17 अप्रैल को उनका शव कबूलपुर मोहल्ला के पास नाले से बरामद हुआ। पुलिस ने हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पूछताछ में मुख्य आरोपी ब्रह्मजीत ने अपना जुर्म कबूल लिया है। उसने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले उसकी अनीता से जान-पहचान हुई थी, जो धीरे-धीरे दोस्ती और फिर शारीरिक संबंधों में बदल गई। जनवरी 2025 में ब्रह्मजीत की शादी हो गई, जिसके बाद उसने अनीता से दूरी बना ली। आरोप है कि अनीता उसे लगातार मिलने के लिए दबाव डालती और ब्लैकमेल करने लगी थी। इससे तंग आकर ब्रह्मजीत ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

ब्रह्मजीत 15 अप्रैल को अनीता को बिजली बोर्ड दफ्तर से अपने साथ ले गया। इसके बाद वह उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर कबूलपुर-धतीर मार्ग स्थित गंदे नाले के पास ले गया। वहां उसने अनीता को जमीन पर पटक कर बेरहमी से पीटा और उसकी गर्दन पर पैर रखकर दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पहचान छिपाने के लिए उसने शव से कपड़े उतार दिए और उसे नाले में फेंक दिया।

इस घिनौने कृत्य में उसके पिता जगविंदर ने भी उसका साथ दिया। घटना को अंजाम देने के बाद ब्रह्मजीत ने अपने पिता की मदद ली, जिसने उसे मोटरसाइकिल से पलवल छोड़कर फरार होने में मदद की। पुलिस ने जगविंदर को 18 अप्रैल को गिरफ्तार कर लिया था और पूछताछ के बाद जेल भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी ब्रह्मजीत को 21 अप्रैल को दबोचा गया। पुलिस अब ब्रह्मजीत को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेगी ताकि वारदात में इस्तेमाल अन्य चीजों और सबूतों को बरामद किया जा सके। पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More