चाकू की नोक पर की थी लूटपाट, अशोक विहार पुलिस ने चार आरोपियों को पकड़ा

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला की अशोक विहार थाना पुलिस ने चाकू मारकर लूटपाट करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन युवकों और एक किशोर को पकड़ा है। आरोपियों ने 17 अप्रैल को आजादपुर रेलवे स्टेशन के पास एक व्यक्ति को चाकू मारकर उसका मोबाइल फोन लूट लिया था। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटा गया मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल खंजर बरामद कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजन (25), रवि कुमार (20) और अभिषेक उर्फ गलगोटा (22) के रूप में हुई है, जो सभी लाल बाग, आजादपुर के निवासी हैं।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि 17 अप्रैल को सूचना मिली थी कि चार लोगों ने एक व्यक्ति को चाकू मारकर उसका फोन लूट लिया है। घायल सूबेदार ने पुलिस को बताया कि वह लाल बाग क्षेत्र से लौट रहा था, तभी रेलवे लाइन के पास चार युवकों ने उसे घेर लिया और चाकू दिखाकर मोबाइल फोन मांगा। विरोध करने पर उन्होंने उसकी जांघ पर चाकू से वार कर दिया और फोन छीनकर फरार हो गए। इस संबंध में थाना अशोक विहार में धारा 309(4)/309(6)/3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ प्रमोद कुमार ने एसआई योगेश शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की, जिसमें हेड कांस्टेबल दरवेश, मंगत राम और कांस्टेबल श्याम शामिल थे। एसीपी अशोक विहार आकाश रावत की देखरेख में टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उन्होंने बताया कि उन्होंने जल्दी पैसा कमाने के लालच में इस लूटपाट की योजना बनाई थी। पुलिस ने आरोपी राजन के पास से खंजर और अभिषेक के पास से लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी नवोदित अपराधी हैं और उनका कोई बड़ा आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More