सुभाष प्लेस पुलिस ने दो शातिर स्नैचरों को दबोचा, चोरी की बाइक और मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला की सुभाष प्लेस थाना पुलिस ने स्ट्रीट क्राइम पर अंकुश लगाते हुए दो शातिर स्नैचरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से छीने गए दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हर्ष (24) और हिमांशु (27) के रूप में हुई है। हिमांशु एक बेहद शातिर अपराधी है, जिस पर चोरी, स्नैचिंग और लूटपाट के 20 मामले पहले से दर्ज हैं।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि 15 अप्रैल को शकूरपुर मेट्रो स्टेशन के पास मोबाइल स्नैचिंग की घटना हुई थी। इस मामले में थाना सुभाष प्लेस में एफआईआर दर्ज कर एसएचओ तेजपाल सिंह के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल जितेंद्र, कांस्टेबल मोहित और श्यामवीर की टीम ने जांच शुरू की। 18 अप्रैल को ब्रिटानिया पिकेट पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने हर्ष को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दबोच लिया। जांच में पता चला कि यह मोटरसाइकिल थाना विजय विहार से चोरी हुई थी। हर्ष के पास से पीड़ित का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ।

डीसीपी ने बताया कि दूसरी घटना 14 अप्रैल को नेताजी सुभाष प्लेस के पास हुई थी, जहां ई-रिक्शा सवार यात्री से मोबाइल छीन लिया गया था। इस मामले की जांच के लिए हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार, मनोज, नवीन और कांस्टेबल धर्मेंद्र की टीम बनाई गई थी। 18 अप्रैल को एनएसपी मार्केट में गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना पर टीम ने शातिर अपराधी हिमांशु को गिरफ्तार किया और उसके पास से छीना गया मोबाइल बरामद किया।

आरोपी हर्ष जहांगीरपुरी का निवासी है और पहले भी दो आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है। वहीं, दूसरा आरोपी हिमांशु आदर्श नगर का रहने वाला है और उस पर लूटपाट व स्नैचिंग के 20 मामले दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इलाके में ‘आसान शिकार’ की तलाश में घूमते थे ताकि मोबाइल स्नैचिंग और लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दे सकें। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन आरोपियों ने हाल के दिनों में और किन-किन वारदातों को अंजाम दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More