सोशल मीडिया पर रील बनाना पड़ा भारी: पिस्टल लहराने वाला युवक पुलिस की गिरफ्त में

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने सोशल मीडिया पर पिस्टल के साथ फायरिंग करते हुए वीडियो वायरल करने वाले एक 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी इलाके में अपनी धाक जमाने के लिए अवैध हथियारों का प्रदर्शन करता था। पकड़े गए आरोपी की पहचान अमन शुक्ला, निवासी एमसीडी फ्लैट्स, जहांगीरपुरी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध आधुनिक पिस्टल बरामद की है।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक युवक खुलेआम पिस्टल से फायरिंग करता नजर आ रहा था। इस वीडियो से इलाके में डर का माहौल था। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर सोमवीर सिंह के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई, जिसमें एएसआई सोमवीर, हेड कांस्टेबल हरीश और हेड कांस्टेबल राजेश शामिल थे। एसीपी ऑपरेशंस रणजीत ढाका की देखरेख में टीम ने तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र के जरिए आरोपी की पहचान सुनिश्चित की।

19 अप्रैल को टीम को सूचना मिली कि वायरल वीडियो में दिखने वाला युवक जहांगीरपुरी के जी-ब्लॉक स्थित एमसीडी फ्लैट्स के पास देखा गया है। पुलिस ने तुरंत जाल बिछाया और पीछा कर अमन शुक्ला को धर दबोचा। आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल लिया और बताया कि वायरल वीडियो में इस्तेमाल की गई पिस्टल उसने एक गुप्त स्थान पर छिपा रखी थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वह आधुनिक पिस्टल बरामद कर ली है।

डीसीपी ने बताया कि आरोपी अमन शुक्ला अवैध हथियार रखने और उनका प्रदर्शन करने का शौकीन था ताकि वह इलाके में अपना वर्चस्व कायम कर सके। वह पहले भी एक आपराधिक मामले में शामिल रह चुका है। फिलहाल थाना जहांगीरपुरी में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसने यह आधुनिक पिस्टल किससे और कहाँ से खरीदी थी। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More