सोनिया विहार में दबंगों का कहर: नशे का विरोध करने पर घर में घुसकर मां-बेटों पर किया जानलेवा हमला

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में असामाजिक तत्वों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने नशा करने का विरोध करने पर एक परिवार को ही निशाना बना लिया। चौथा पुस्ता स्थित दुर्गा मंदिर के पास जंगल रोड इलाके में रविवार को लाठी-डंडों और चाकुओं से लैस होकर आए दबंगों ने एक घर में घुसकर बुजुर्ग महिला और उनके दो बेटों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक वारदात में तीनों गंभीर रूप से घायल हैं, जिनमें से एक की हालत नाजुक बनी हुई है।

पीड़ित परिवार के अनुसार, उनके घर के पास खाली जमीन है, जहां कुछ युवक अक्सर नशा करने के लिए जमा होते थे। परिवार ने करीब एक साल पहले इस अवैध गतिविधि की शिकायत की थी, जिसके बाद से ही आरोपी उनसे रंजिश रखने लगे थे। विवाद तब और गहरा गया जब हाल ही में बदमाशों ने परिवार की कार में तोड़फोड़ की और उसे आग के हवाले करने का प्रयास किया। जब परिवार ने इस गुंडागर्दी का विरोध कर पुलिस में शिकायत की, तो आरोपी बौखला गए।

आरोप है कि 20 अप्रैल को आरोपित अपने साथियों के साथ हथियार लेकर पीड़ित के घर में घुस गए और बुजुर्ग मां तथा उनके बेटे अरुण और आर्यन पर हमला कर दिया। बदमाशों ने लोहे की रॉड और चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए। सूचना मिलते ही सोनिया विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जेपीसी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

इस मामले में पुलिस ने पीड़ित के बयान पर एफआईआर दर्ज कर ली है। जांच अधिकारी मामले की बारीकी से छानबीन कर रहे हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हालांकि, पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद से आरोपी बेखौफ होकर उन्हें जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं और अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More