बुध विहार पुलिस ने डेढ़ करोड़ रुपये की हेरोइन के साथ तीन तस्करों को किया गिरफ्तार, सप्लाई का नेटवर्क ध्वस्त

नई दिल्ली: दिल्ली के रोहिणी जिला पुलिस ने ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत नशा तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 357 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीर अहमद (21), आशीष सोनी (29) और मनोज सोनी उर्फ विक्की (30) के रूप में हुई है। पुलिस ने नशे की सप्लाई में इस्तेमाल की जाने वाली मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।

रोहिणी जिले के डीसीपी शशांक जायसवाल ने बताया कि बुध विहार थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में मादक पदार्थों की सप्लाई की जा रही है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए इंस्पेक्टर संदीप गोदारा के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई, जिसमें हेड कांस्टेबल विकास सांगवान, मनदीप, विनोद, राजेश, राहुल, कुलदीप और कांस्टेबल परमिंदर शामिल थे। प्रशांत विहार के एसीपी रामफूल मीणा की देखरेख में पुलिस ने भगवान महावीर मार्ग, सेक्टर-24, रोहिणी के पास जाल बिछाया।

पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार समीर अहमद और आशीष सोनी को रोका और तलाशी लेने पर उनके पास से 300 ग्राम हेरोइन बरामद की। आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना बुध विहार में धारा 21/25/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस को मुख्य सप्लायर मनोज सोनी उर्फ विक्की के बारे में पता चला। इसके बाद पुलिस टीम ने लगातार छापेमारी कर उसे उत्तर प्रदेश के बहता इलाके से धर दबोचा। मनोज के पास से 57 ग्राम हेरोइन और बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पिछले एक साल से आसान पैसे के लालच में इस धंधे में उतरे थे। समीर और आशीष, मनोज सोनी के जरिए हेरोइन की खेप मंगाते थे और फिर उसे आगे सप्लाई करते थे। डीसीपी ने बताया कि इस गिरफ्तारी से नशा तस्करी का एक बड़ा नेटवर्क ध्वस्त हुआ है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह गिरोह मुख्य रूप से हेरोइन कहाँ से लाते थे और इनके अन्य ग्राहक कौन-कौन हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More