पालम विलेज पुलिस ने चार चोरी के मामलों का किया खुलासा, एक शातिर गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस की पालम विलेज थाना टीम ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर चोरी की चार वारदातों का सफल खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान लकी (34 वर्ष), निवासी जे.जे. कॉलोनी, द्वारका के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई एक वाटर मोटर, मोबाइल एसेसरीज (डाटा केबल, इयरफोन, इयर पॉड्स आदि) और तांबे के तार बरामद किए हैं।

साउथ-वेस्ट जिले के डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि इलाके में बढ़ रही चोरी और सेंधमारी की घटनाओं को देखते हुए पालम विलेज एसएचओ सुधीर कुमार गुलिया के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई थी, जिसमें हेड कांस्टेबल विक्रम सिंह, अविनाश, राजेश और कांस्टेबल विनोद शामिल थे। एसीपी दिल्ली कैंट अनिल कुमार की देखरेख में टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी के जरिए अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखना शुरू किया। 7 अप्रैल को गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने पालम विलेज रेलवे स्टेशन के पास जाल बिछाकर आरोपी लकी को चोरी की एक वाटर मोटर के साथ दबोच लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने आपराधिक गतिविधियों का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, लकी पहले गुरुग्राम में असिस्टेंट फिजियोथेरेपिस्ट के तौर पर काम करता था, लेकिन करीब तीन महीने पहले उसने नौकरी छोड़ दी। शराब की लत और दैनिक खर्चों को पूरा करने के लिए उसने चोरी और सेंधमारी का रास्ता चुन लिया।

डीसीपी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी से पालम विलेज थाने में दर्ज चोरी और सेंधमारी के चार मामले सुलझ गए हैं। पुलिस ने आरोपी के पास से बरामदगी के आधार पर संबंधित ई-एफआईआर में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है ताकि उसके द्वारा चोरी किए गए अन्य सामान और संलिप्तता के बारे में और जानकारी जुटाई जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More