दिल्ली के 31 गांवों में जल्द मिलेंगे प्रॉपर्टी कार्ड, ग्रामीणों को बैंक लोन लेने में मिलेगी बड़ी राहत

नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली से भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी की पहल पर राजधानी के 31 गांवों के ग्रामीणों के लिए एक बड़ी सौगात मिलने का रास्ता साफ हो गया है। इन गांवों की लालडोरा की रिहायशी जमीन के लिए जल्द ही प्रॉपर्टी कार्ड जारी किए जाएंगे। इस योजना के लागू होने से न केवल ग्रामीणों को मालिकाना हक मिलेगा, बल्कि वे अपनी जमीन पर बैंकों से आसानी से लोन भी ले सकेंगे। सांसद बिधूड़ी ने अब मांग की है कि इस व्यवस्था को पूरी दिल्ली के सभी गांवों में लागू किया जाए।

सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने इस मुद्दे को लेकर पिछले वर्ष केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल को पत्र लिखा था, जिसके बाद यह मामला भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय को भेजा गया। सांसद ने पत्र में रेखांकित किया था कि दिल्ली के विकास के नाम पर ग्रामीणों की जमीन अधिग्रहित कर ली गई थी, जिसका उन्हें बेहद कम मुआवजा मिला। इसके बावजूद ग्रामीणों ने विकास कार्यों का समर्थन किया। आरोप है कि पिछली सरकारों ने वर्षों तक लालडोरा की जमीन को नियमित नहीं किया, जिसके चलते ग्रामीण वैध दस्तावेजों के अभाव में बैंकों से लोन नहीं ले पाते थे। लोन न मिलने के कारण इन ग्रामीणों को बिल्डरों के शोषण का शिकार होना पड़ता था।

सांसद के पत्र के जवाब में पंचायती राज मंत्रालय के सचिव ने बताया कि दिल्ली में पंचायतें न होने के बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी ‘स्वामित्व योजना’ को यहां भी लागू कर दिया गया है। इस योजना के तहत दिल्ली सरकार और सर्वे ऑफ इंडिया के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इसके अंतर्गत दिल्ली के 31 गांवों को चिन्हित किया गया था। इन गांवों की ड्रोन के जरिए मैपिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है और संबंधित नक्शे अधिकारियों को सौंप दिए गए हैं। वर्तमान में दिल्ली सरकार इस संबंध में नियमों को अंतिम रूप दे रही है, जिसके बाद लोगों को प्रॉपर्टी कार्ड आवंटित कर दिए जाएंगे।

इस सौगात के मिलने से ग्रामीणों के जीवन में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है। प्रॉपर्टी कार्ड मिलने के बाद इन गांवों के लोगों को बैंक लोन लेने में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आएगी। हालांकि, सांसद बिधूड़ी ने इस प्रक्रिया को और विस्तार देने की वकालत की है। उन्होंने कहा कि 31 गांवों के साथ-साथ दिल्ली के बाकी सभी गांवों में भी लालडोरा की जमीन की मैपिंग की जानी चाहिए। उन्होंने मांग की है कि लालडोरे की रिहायशी आबादी में रहने वाले शेष सभी ग्रामीणों को भी जल्द से जल्द प्रॉपर्टी कार्ड जारी किए जाने चाहिए, ताकि विकास का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंच सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More