बवाना में निर्माणाधीन इमारत का लेंटर गिरा, मलबे में दबकर कई मजदूर घायल; मुकदमा दर्ज

नई दिल्ली: दिल्ली के बवाना औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। डीएसआईडीसी स्थित सेक्टर-2 में निर्माणाधीन एक इमारत का लेंटर अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के वक्त बेसमेंट में काम कर रहे कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। घटना में तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह बवाना पुलिस को सूचना मिली कि जे-21, सेक्टर-2 में निर्माण कार्य के दौरान लेंटर गिरने से कुछ मजदूर दब गए हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बचाव दल के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। शुरुआती जांच में पता चला है कि इमारत की बेसमेंट लेवल पर लेंटर डाला जा रहा था, तभी पूरी संरचना अचानक गिर गई। मलबे के नीचे दबने से वहां काम कर रहे मजदूरों में चीख-पुकार मच गई।

हादसा होते ही आसपास के लोग और अन्य मजदूर राहत कार्य में जुट गए। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। हादसे में घायल हुए मोहम्मद समीद (40) और गोविंद (30) को तुरंत बवाना स्थित सिद्धार्थ अस्पताल ले जाया गया। वहीं, एक अन्य घायल मजदूर प्रमोद (25) को गंभीर हालत में एमवी अस्पताल भेजा गया है। तीनों घायलों का इलाज चल रहा है, जिनमें से कुछ की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।

मौके पर मौजूद अधिकारियों का कहना है कि इमारत के निर्माण में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई है। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए बीएनएस की धारा 290 और 125(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि निर्माण कार्य के दौरान क्या सुरक्षा उपाय अपनाए गए थे और लापरवाही किसकी ओर से बरती गई।

इलाके में इस घटना के बाद हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यहां अवैध या बिना सुरक्षा मानकों के निर्माण कार्य जोरों पर है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से ही निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार और अन्य संबंधित लोग फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More