महेंद्र पार्क पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे दो बांग्लादेशी नागरिकों को दबोचा, देह व्यापार गिरोह से जुड़े होने का खुलासा

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस की विदेशी प्रकोष्ठ टीम ने एक विशेष अभियान के तहत थाना महेंद्र पार्क क्षेत्र से दो अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों आरोपी बिना किसी वैध यात्रा दस्तावेज या पहचान पत्र के भारत में अवैध रूप से रह रहे थे और देह व्यापार गिरोह में शामिल होने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने इन्हें पकड़कर एफआरआरओ के समक्ष पेश किया और स्थापित प्रक्रिया के अनुसार इनका निर्वासन पूरा किया।

उत्तर-पश्चिम जिले के एडिशनल डीसीपी सिकंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की निगरानी और खुफिया जानकारी से पता चला था कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति एन.एस. मंडी, आजादपुर इलाके में देह व्यापार गिरोह से जुड़ने के लिए आ रहे हैं। इस सूचना पर इंस्पेक्टर विपिन कुमार के नेतृत्व में एसआई श्यामबीर, हेड कांस्टेबल विक्रम, कपिल कुमार, टीका राम, महिला हेड कांस्टेबल सीमा, पूनम और कांस्टेबल दीपक की टीम बनाई गई। एसीपी आकाश रावत की देखरेख में टीम ने सादे कपड़ों में स्टिंग ऑपरेशन किया और संदिग्धों को अवैध गतिविधियों में शामिल होते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

एडिशनल डीसीपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोसा उर्फ मोसेसरिया मोनिद (19 वर्ष) और एमडी नूर आलम (29 वर्ष) के रूप में हुई है, जो दोनों बांग्लादेश के निवासी हैं। शुरुआती पूछताछ में उन्होंने खुद को भारतीय बताने की कोशिश की, लेकिन कड़ाई से पूछताछ और दस्तावेजों के सत्यापन में उनकी पोल खुल गई। उनके पास से बांग्लादेशी राष्ट्रीय पहचान पत्र बरामद हुए हैं।

पुलिस के अनुसार, इन दोनों आरोपियों ने पूछताछ में देह व्यापार गिरोह से जुड़े होने और अवैध गतिविधियों में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि वे दिल्ली में किसके संपर्क में थे और क्या इस गिरोह के तार अन्य लोगों से भी जुड़े हैं। फिलहाल, सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर दोनों को उनके देश वापस भेज दिया गया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More