वजीरपुर जेजे कॉलोनी से पकड़ी गई महिला ड्रग सप्लायर, दो लाख से अधिक नकदी और गांजा बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस की नारकोटिक्स टीम ने नशे के कारोबार पर बड़ी चोट करते हुए एक महिला ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला के कब्जे से 100 ग्राम गांजा और नशे की बिक्री से कमाई गई 2,19,178 रुपये की भारी-भरकम नकदी बरामद की गई है। गिरफ्तार महिला की पहचान दीपमाला (27 वर्ष), निवासी ए ब्लॉक, जे.जे. कॉलोनी, वजीरपुर के रूप में हुई है, जो पिछले कुछ महीनों से इलाके में सक्रिय थी।

उत्तर-पश्चिम जिले के एडिशनल डीसीपी सिकंदर सिंह ने बताया कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नारकोटिक्स स्टाफ को तैनात किया गया था। इस दौरान भारत नगर थाना क्षेत्र में एक महिला तस्कर के सक्रिय होने की विश्वसनीय सूचना मिली। इंस्पेक्टर मदन मोहन के नेतृत्व में एएसआई चंदरपाल, हेड कांस्टेबल स्वयं, रोहित, परवीन और महिला हेड कांस्टेबल मंजू की टीम ने एसीपी ऑपरेशंस रणजीत ढाका के मार्गदर्शन में वजीरपुर जे.जे. कॉलोनी में जाल बिछाया। पुलिस टीम ने संदिग्ध महिला दीपमाला को पकड़कर तलाशी ली, जिसमें उसके पास से गांजा और लाखों रुपये नकद मिले। पुलिस ने थाना भारत नगर में धारा 20/25 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में दीपमाला ने खुलासा किया कि वह पिछले कई महीनों से दिल्ली के विभिन्न हिस्सों से प्रतिबंधित मादक पदार्थ लाकर अपने ग्राहकों को मांग के अनुसार सप्लाई कर रही थी। उसने बताया कि वह कम समय में अधिक पैसा कमाने के लालच में इस अपराध में शामिल हुई थी। पुलिस अब उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और नशे की खेप के स्रोत का पता लगाने के लिए गहन पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More