केशव पुरम पुलिस ने 6 मोबाइल और 3 चोरी की गाड़ियों के साथ दो को पकड़ा

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस की केशव पुरम थाना टीम ने स्नैचिंग और वाहन चोरी की वारदातों में लिप्त दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर 12 आपराधिक मामलों का खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिकेत उर्फ मुकुल (26) और सचिन (20) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 6 झपटे गए मोबाइल फोन और चोरी की 3 गाड़ियां (एक मोटरसाइकिल और दो स्कूटी) बरामद की हैं। अनिकेत उर्फ मुकुल एक आदतन अपराधी है, जिस पर पहले से ही 7 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

उत्तर-पश्चिम जिले के एडिशनल डीसीपी सिकंदर सिंह ने बताया कि 14 अप्रैल को केशव पुरम में भारत पेट्रोल पंप के पास एक व्यक्ति का मोबाइल झपटने की सूचना मिली थी। इस संबंध में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। इंस्पेक्टर राजीव कुमार की देखरेख में हेड कांस्टेबल लक्ष्मीकांत, संजीव, राकेश, सत्यवान और कांस्टेबल बलजिंदर की टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों के भागने के रूट को ट्रैक किया।

सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पहले वाहन चोरी करते थे और फिर उन्हीं वाहनों का इस्तेमाल मोबाइल स्नैचिंग जैसी वारदातों के लिए करते थे। अनिकेत उर्फ मुकुल, जो शास्त्री नगर का रहने वाला है, पहले भी स्नैचिंग, आर्म्स एक्ट और चोरी के 7 मामलों में संलिप्त पाया गया है।

एडिशनल डीसीपी ने बताया कि इन दोनों की गिरफ्तारी से थाना केशव पुरम, रानी बाग और सुभाष प्लेस के कुल 12 लंबित मामलों को सुलझा लिया गया है। पुलिस आरोपियों के नेटवर्क और चोरी के मोबाइल व वाहनों को ठिकाने लगाने के उनके तौर-तरीकों की गहनता से जांच कर रही है। फिलहाल आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और उनसे आगे की पूछताछ जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More