केशव पुरम पुलिस ने बुजुर्ग महिला के घर हुई चोरी का किया खुलासा, नौकरानी गिरफ्तार, 250 ग्राम सोना बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस की केशव पुरम थाना टीम ने वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाते हुए चोरी की एक वारदात को महज 6 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने एक 82 वर्षीय बुजुर्ग महिला के घर से चोरी हुआ 250 ग्राम सोना शत-प्रतिशत बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने घर में काम करने वाली नौकरानी सुखवती को गिरफ्तार किया है।

उत्तर-पश्चिम जिले के एडिशनल डीसीपी सिकंदर सिंह ने बताया कि थाना केशव पुरम में एक शिकायत प्राप्त हुई थी कि 82 वर्षीय बुजुर्ग महिला के घर से 250 ग्राम सोने के आभूषण चोरी हो गए हैं। इस संबंध में धारा 305ए बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर एसआई मुकुल यादव, एएसआई सुबकरण, हेड कांस्टेबल लक्ष्मी कांत और संजीव की एक टीम गठित की गई। इस ऑपरेशन का नेतृत्व एसएचओ केशव पुरम राजीव कुमार ने किया और एसीपी सुभाष प्लेस सृष्टि भट्ट की देखरेख में इसे अंजाम दिया गया।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके में खुफिया जानकारी जुटाई और संदिग्धों पर नजर रखी। टीम ने कुशलतापूर्वक मामले की जांच करते हुए नौकरानी सुखवती, निवासी लॉरेंस रोड झुग्गी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किया गया 250 ग्राम सोना बरामद कर लिया।

पूछताछ में आरोपी सुखवती ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि उसने आसान तरीके से पैसे कमाने के लालच में आकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है और वह पहली बार अपराध में शामिल पाई गई है। पुलिस ने चोरी की संपत्ति शत-प्रतिशत बरामद कर ली है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More