अशोक विहार पुलिस ने स्नैचिंग की वारदात का चंद घंटों में किया खुलासा, दो किशोर दबोचे, 20 लाख के आभूषण और नकदी बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस ने अशोक विहार इलाके में एक महिला से हुई लाखों रुपये की स्नैचिंग की वारदात को महज कुछ घंटों के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो किशोरों को हिरासत में लिया है और उनके पास से लूटे गए लगभग 20 लाख रुपये मूल्य के मोबाइल फोन, सोने-हीरे के आभूषण और नकदी शत-प्रतिशत बरामद कर ली है। पकड़े गए आरोपी लूट के बाद अपने ठिकाने पर छिपे हुए थे।

उत्तर-पश्चिम जिले के एडिशनल डीसीपी सिकंदर सिंह ने बताया कि 19 अप्रैल की रात करीब 1:00 बजे राजवाड़ा पैलेस के पास एक महिला से लूट की सूचना मिली थी। महिला एक समारोह से लौटकर अपनी कार में बैठी थी, तभी एक युवक ने दरवाजा खोलकर उसका हैंडबैग छीन लिया। बैग में आईफोन, वनप्लस मोबाइल और 15-20 लाख रुपये मूल्य के हीरे व सोने के आभूषण थे। थाना अशोक विहार में एफआईआर दर्ज कर एसआई रोहित चाहर के नेतृत्व में एएसआई रामरूप, हेड कांस्टेबल पवन, दिनेश, राहुल, अश्वनी और कांस्टेबल तेजवीर की टीम बनाई गई। एसीपी सृष्टि भट्ट की देखरेख में टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शालीमार बाग की केलागोदाम झुग्गियों में छापेमारी की और वारदात में शामिल दोनों किशोरों को दबोच लिया।

एडिशनल डीसीपी ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर छीना गया बैग, दोनों मोबाइल, सोने-हीरे के झुमके, मंगलसूत्र, चेन, ब्रेसलेट और 35 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। जांच के दौरान आरोपियों के पास से चांदी की पायल और अन्य सोने के गहने भी मिले, जिससे यह संकेत मिल रहा है कि वे अन्य स्नैचिंग की घटनाओं में भी शामिल हो सकते हैं। पुलिस फिलहाल इन किशोरों से पूछताछ कर उनके गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More