अशोक विहार पुलिस ने हाथरस हत्याकांड के दो इनामी आरोपी को दिल्ली से पकड़ा, हथियार बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस की अशोक विहार थाना टीम ने उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुए सनसनीखेज ‘प्रॉपर्टी डीलर सह पत्रकार’ हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन दोनों भाइयों पर यूपी पुलिस ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक इटली निर्मित .32 बोर सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और एक देशी कट्टा भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमल शर्मा (38) और गौरव शर्मा (36) के रूप में हुई है, जो हाथरस के निवासी हैं।

उत्तर-पश्चिम जिले के एडिशनल डीसीपी सिकंदर सिंह ने बताया कि 17 अप्रैल को अशोक विहार स्थित डब्ल्यूपीआईए पुलिस चौकी के प्रभारी एसआई रोहित चाहर को सूचना मिली कि दो संदिग्ध अवैध हथियार लेकर इलाके में घूम रहे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए एएसआई हंसराज, हेड कांस्टेबल अश्वनी, पवन, राहुल और कांस्टेबल सौरभ की टीम बनाई गई। एसीपी सृष्टि भट्ट की देखरेख में पुलिस ने जाल बिछाकर प्रेमबाड़ी ड्रेन के पास दोनों भाइयों को दबोच लिया।

एडिशनल डीसीपी ने बताया कि पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये दोनों आरोपी हाथरस में 6 अप्रैल को लापता हुए प्रॉपर्टी डीलर और पत्रकार वेद प्रकाश शर्मा उर्फ सोनू की हत्या में शामिल थे। अगले दिन वेद प्रकाश का शव सादाबाद-जलेसर रोड के पास नाले में मिला था। जांच में सामने आया कि मृतक पर ये आरोपी अपनी संपत्ति बेचने का दबाव बना रहे थे, जिसके मना करने पर उन्होंने सुनियोजित तरीके से उसकी हत्या कर दी। हाथरस के थाना सहपऊ में दर्ज एफआईआर में ये दोनों आरोपी वांछित थे।

तलाशी के दौरान कमल शर्मा के पास से इटली निर्मित पिस्टल और कारतूस, जबकि गौरव के पास से देशी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने इन हथियारों के लिए अशोक विहार थाने में आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मामला दर्ज किया है। आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और वे गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहे थे। पुलिस अब हाथरस पुलिस के साथ समन्वय कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More