पुलिस ने शातिर ऑटो-लिफ्टर को किया गिरफ्तार, चार चोरी के दोपहिया वाहन बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस की एएटीएस टीम ने वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर ऑटो-लिफ्टर को गिरफ्तार करने में बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी के चार दोपहिया वाहन (दो मोटरसाइकिल और दो स्कूटी) बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान साहिल (24 वर्ष), निवासी जे.जे. कॉलोनी, वजीरपुर के रूप में हुई है, जो पहले भी चोरी के तीन मामलों में संलिप्त रहा है।

उत्तर-पश्चिम जिले के एडिशनल डीसीपी सिकंदर सिंह ने बताया कि 14 अप्रैल को एएटीएस टीम के हेड कांस्टेबल कमल कांत को गुप्त सूचना मिली थी कि आदतन अपराधी साहिल आजादपुर के ईशा पार्क इलाके में अपने साथियों से मिलने आने वाला है। सूचना मिलते ही एसआई रवि सैनी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें एएसआई विनोद, हेड कांस्टेबल कमल कांत, परवीन, कांस्टेबल शुभम, ओम प्रकाश और महिला हेड कांस्टेबल ममता शामिल थे। एसीपी ऑपरेशंस रणजीत ढाका की देखरेख में टीम ने इलाके में जाल बिछाया।

जैसे ही आरोपी मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचा, पुलिस टीम ने उसे घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान साहिल के तौर पर बताई। सत्यापन करने पर पता चला कि उसके पास मौजूद मोटरसाइकिल थाना नॉर्थ रोहिणी इलाके से चोरी की गई थी। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपने द्वारा अंजाम दी गई अन्य वारदातों का भी खुलासा किया और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने तीन और चोरी के वाहन बरामद कर लिए।

पुलिस के अनुसार, आरोपी दोपहिया वाहन चोरी कर उन्हें आगे बेचकर आसानी से पैसे कमाता था। बरामद वाहनों से पुलिस ने थाना सुभाष प्लेस, नॉर्थ रोहिणी और आदर्श नगर में दर्ज चोरी के कुल चार मामलों का खुलासा किया है। एडिशनल डीसीपी ने बताया कि आरोपी एक सक्रिय अपराधी है और उसके पुराने आपराधिक इतिहास को देखते हुए अब यह पता लगाया जा रहा है कि वह इन वाहनों को किसे बेचता था और उसके गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More